रांची : रांची में आज यानी सोमवार को बिजली कटौती से लोगों को थोड़ी परेशानी झेलनी पड़ सकती है। बिजली विभाग अलग-अलग बिजली उपकेंद्रों और फीडरों में मरम्मत और तकनीकी काम कराने जा रहा है। इसके चलते शहर और आसपास के कई इलाकों में सुबह 10:30 बजे से शाम तक बिजली गुल रहेगी। बिजली नहीं रहने से पानी की सप्लाई से लेकर घर के रोजमर्रा के काम तक प्रभावित हो सकते हैं। ऐसे में विभाग ने लोगों से कहा है कि बिजली कटने से पहले ही अपने जरूरी काम निपटा लें, ताकि बाद में ज्यादा परेशानी न हो।
Read More : मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत आज देवघर पहुंचेंगे, शहर में बदलेगी यातायात व्यवस्था
नॉर्थ ऑफिस पाड़ा में शाम 5:30 बजे तक बिजली बंद
बिजली विभाग के शेड्यूल के अनुसार पारसटोली फीडर से जुड़े नॉर्थ ऑफिस पाड़ा के उर्मिला इंक्लेव, दिव्या अपार्टमेंट, शंकर इंक्लेव और आसपास के इलाकों में सुबह 10:30 बजे से बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। यहां शाम 5:30 बजे तक बिजली गुल रहने की संभावना है। इस दौरान उपभोक्ताओं को करीब सात घंटे तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ सकता है। कुच्चू एवं मंडरो टांड़ फीडर से जुड़े मंडरोडीह, मंडरो और महुआ टोली प्राइमरी स्कूल के आसपास के क्षेत्रों में सुबह 10:30 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली नहीं रहेगी। वहीं, उलातू-ओरमांझी फीडर के तहत ओरमांझी कोइरीटोला और आसपास के इलाकों में सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
आनंदी और वीर टोली में भी बिजली कटौती
बारीडीह फीडर के अंतर्गत ग्राम आनंदी, वीर टोली और आसपास के क्षेत्रों में भी सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक बिजली बंद रहेगी। इन इलाकों के उपभोक्ताओं को बिजली कटौती के निर्धारित समय को ध्यान में रखते हुए अपने जरूरी काम करने होंगे।
दीपावली और छठ से पहले दुरुस्त होगी बिजली व्यवस्था
दीपावली और उसके बाद छठ महापर्व को देखते हुए बिजली विभाग क्षेत्रवार विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटा है। त्योहारों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रखरखाव और तकनीकी कार्य कराए जा रहे हैं। इसी वजह से अलग-अलग इलाकों में अस्थायी रूप से बिजली आपूर्ति बंद की जा रही है, ताकि त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं को बिजली संबंधी परेशानियों का सामना न करना पड़े।



