गाजियाबाद. विशेष पीएमएलए (PMLA) अदालत ने सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. उन्हें रामपुर जेल के बजाय अब गाजियाबाद की डासना जिला जेल में रखा जाएगा।
रविवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम आजम खान को लेकर गाजियाबाद पहुंची। आजम खान को गाजियाबाद की विशेष PMLA कोर्ट में पेश किया गया है। न्यायालय के नजदीक पहुंचने पर आजम खान ने मीडिया को देख गाड़ी का शीशा नीचे किया। इस दौरान आजम खान बहुत ही शांत नजर आए. मीडिया से बातचीत में आजम ने मुस्कुराते हुए कहा, “अब क्या है बोलने के लिए.” इतना कहने के बाद आजम खान ने गाड़ी का शीशा ऊपर कर लिया।
बता दें कि ईडी की टीम गाजियाबाद से आजम खान के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट लेकर रामपुर पहुंची थी. पहले ही संभावना जताई जा रही थी कि उन्हें रामपुर से गाजियाबाद स्थित डासना जेल भेजा जा सकता है. हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई थी. लेकिन आज आजम खान को कोर्ट के आदेश पर डासना जिला जेल भेज दिया गया है।
also read : थाने में महिला से कथित दुष्कर्म पर चंपाई सोरेन ने उठाये सवाल पुलिस की जवाबदेही तय करने की मांग



