रांची : रांची रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के दौरान यात्रियों की सुविधा और स्टेशन परिसर के आसपास यातायात का दबाव कम करने को लेकर फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को डीआरएम करुणानिधि सिंह से मुलाकात की। इस दौरान चैंबर ने ट्रेनों के वैकल्पिक ठहराव, आवागमन के रास्ते और पार्किंग व्यवस्था को लेकर कई सुझाव दिए।
Read More : दीपावली और छठ पर रांची में होगा आध्यात्मिक आयोजन, स्वामी सदानंद जी महाराज देंगे आशीर्वचन
नामकुम और पीस्का स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव का सुझाव
चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि रांची रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 के पुराने भवन को तोड़कर नए भवन का निर्माण शुरू होने पर यात्रियों की आवाजाही और वाहनों का दबाव बढ़ सकता है। ऐसे में यात्रियों को होने वाली असुविधा कम करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं जरूरी हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि मुरी की ओर से आने वाली ट्रेनों का ठहराव नामकुम रेलवे स्टेशन और लोहरदगा की ओर से आने वाली ट्रेनों का ठहराव पीस्का स्टेशन पर करने की संभावनाओं पर विचार किया जाए। इसके अलावा आउटर ओवरब्रिज की ओर से भी वैकल्पिक आवागमन मार्ग खुला रखने का आग्रह किया गया।
चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा पुराना भवन
डीआरएम करुणानिधि सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि रांची रेल मंडल की ओर से निर्माण कार्य के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। चैंबर अध्यक्ष के आग्रह पर उन्होंने आश्वस्त किया कि प्लेटफॉर्म संख्या-1 के पुराने भवन को एक साथ नहीं, बल्कि चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा। इससे यात्रियों को होने वाली परेशानी कम होगी। उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए पुराने प्लेटफॉर्म संख्या-1 के बाहर फूड प्लाजा के पास टिकट काउंटर उपलब्ध रहेगा। इसके अतिरिक्त पार्सल कार्यालय की ओर से भी यात्रियों के आवागमन की व्यवस्था होगी। फुट ओवरब्रिज को भी यथावत रखा जाएगा, ताकि यात्रियों को स्टेशन परिसर में आने-जाने में परेशानी न हो।
22 मीटर चौड़ी सड़क और पार्किंग पर विचार
डीआरएम ने बताया कि भविष्य में ट्रैफिक और पार्किंग की जरूरतों को देखते हुए स्टेशन के चारों ओर करीब 22 मीटर सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव है। जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए साउथ ईस्टर्न रेलवे के खेल मैदान को पार्किंग स्थल में बदलने की संभावना पर भी विचार किया जा सकता है।
रेलवे और संबंधित एजेंसियों में समन्वय जरूरी
चैंबर के महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान यात्रियों की सुविधा बनाए रखने और आसपास की सड़कों पर यातायात का दबाव कम करने के लिए रेलवे तथा संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। चैंबर के डीआरयूसीसी सदस्य विवेक अग्रवाल ने कहा कि रांची रेल मंडल की ओर से किए जा रहे प्रयासों से यात्रियों को होने वाली समस्याओं का समाधान संभव है।
प्रतिनिधिमंडल में ये पदाधिकारी रहे शामिल
डीआरएम से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल, उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव अमित शर्मा, सह सचिव पूजा ढाढा, कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग, कार्यकारिणी सदस्य राम बांगड़ और डीआरयूसीसी सदस्य विवेक अग्रवाल शामिल थे।



