रांची : झारखंड गृह रक्षा वाहिनी में शहरी तकनीकी महिला और पुरुष गृह रक्षकों की भर्ती के लिए औपबंधिक मेधा सूची जारी कर दी गई है। यह सूची विज्ञापन संख्या 01/2025 के तहत जारी की गई है। अभ्यर्थियों को सूची पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए प्रकाशन की तारीख से सात दिनों का समय दिया गया है। जारी सूची के अनुसार, शहरी तकनीकी पुरुष अभ्यर्थियों का कट-ऑफ अंक 30 और कट-ऑफ जन्म तिथि 26 फरवरी 1994 है। वहीं, महिला अभ्यर्थियों का कट-ऑफ अंक 20 और कट-ऑफ जन्म तिथि 1 जनवरी 2003 निर्धारित की गई है. मेधा सूची पर आपत्ति होने पर अभ्यर्थी सात दिनों के भीतर पहचान पत्र और स्वहस्ताक्षरित पावती के साथ संबंधित कार्यालय में खुद उपस्थित होकर आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
सत्यापन के बाद होगी मेडिकल जांच
आपत्तियों के निपटारे के बाद दस्तावेज और चरित्र सत्यापन 4 से 7 नवंबर 2026 तक केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान, झारखंड गृह रक्षा वाहिनी, धुर्वा में होगा। महिला अभ्यर्थियों का सत्यापन 4 और 5 नवंबर को, जबकि पुरुष अभ्यर्थियों का 6 और 7 नवंबर को किया जाएगा. सत्यापन के बाद योग्य अभ्यर्थियों से फॉर्म ‘क’ और ‘ग’ भरवाया जाएगा। इसके बाद उनकी चिकित्सीय जांच होगी और उन्हें बुनियादी प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा. ग्रामीण और शहरी गैर-तकनीकी भर्ती के परिणाम में सफल, लेकिन पहले सत्यापन में अनुपस्थित रहे अभ्यर्थियों को भी 7 नवंबर को अंतिम मौका दिया गया है। दस्तावेज फर्जी पाए जाने या निर्धारित तारीख पर अनुपस्थित रहने पर उम्मीदवारी रद्द कर अगले अभ्यर्थी को मौका दिया जाएगा।



