जमशेदपुर : जमशेदपुर में दुर्गा पूजा मेले के आखिरी दिन मौत के कुएं में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रविवार को बर्मामाइंस थाना इलाके के पूजा मैदान में बाइक से करतब दिखाने के दौरान अचानक आग लग गई। बाइक के पेट्रोल टैंक में आग लगते ही वहां हड़कंप मच गया। मौत के कुएं में करतब देख रहे लोग जान बचाकर बाहर की ओर भागने लगे। इसी बीच बाइक चला रही लड़की का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ी। गनीमत रही कि उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बताया जा रहा है कि मौत के कुएं में बाइक के साथ एक कार भी दौड़ रही थी। इसी दौरान अचानक लड़की की बाइक के पेट्रोल टैंक में आग लग गई। देखते ही देखते आग फैलने लगी और लड़की बाइक पर काबू नहीं रख पाई। इसके बाद वह नीचे गिर गई। हादसे के बाद मेले में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बाइक में आग लगते ही मची अफरा-तफरी
आग की लपटें तेज होने के दौरान लड़की के बालों में भी आग लग गई। मौके पर मौजूद उसके साथियों ने तुरंत आग बुझाई और उसे सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद बाइक में लगी आग पर भी काबू पा लिया गया। घटना के दौरान मौत के कुएं में मौजूद कुछ लोगों ने पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। बाइक में आग लगने के बाद दर्शकों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग बाहर निकलने लगे।
मेले के अंतिम दिन हुआ हादसा
बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के पूजा मैदान में दुर्गा पूजा के दौरान मेला लगाया जाता है। मेले में कई तरह के झूले और मनोरंजन के अन्य आकर्षण भी रहते हैं। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद भी मेला तीन से चार दिन तक चलता है। रविवार को मेले का अंतिम दिन था, तभी मौत के कुएं में करतब के दौरान यह घटना हुई। हादसे की जानकारी मिलने पर मेले में तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस कर रही घटना की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद बर्मामाइंस थाना प्रभारी कुमार सरयू आनंद भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि बाइक से करतब दिखाने वाली लड़की सुरक्षित है और इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। थाना प्रभारी के मुताबिक, पूजा मैदान में लगे मेले का परमिट रविवार तक ही था। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बाइक में आग कैसे लगी।




