रांची: आज सोमवार को झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के माननीय उपाध्यक्ष प्राणेश सॉलोमन की अध्यक्षता में आयोग की टीम द्वारा खूंटी जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित आर.सी. संत मिखाइल बालक मध्य विद्यालय का निरीक्षण किया गया। इस दौरान विद्यालय के प्राचार्य फादर बेनेडिक्ट बारला पर हुए हमले की घटना की जानकारी ली गई तथा विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
ज्ञातव्य है कि कुछ दिन पूर्व अज्ञात हमलावरों द्वारा विद्यालय के प्राचार्य फादर बेनेडिक्ट बारला पर धारदार हथियार से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। घटना के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए रांची के बरियातू स्थित RIMS में भर्ती कराया गया, जहां से आगे के इलाज के लिए पल्स हॉस्पिटल में स्थानांतरित किया गया। वर्तमान में उनकी स्वास्थ्य स्थिति यथावत बनी हुई है। आयोग ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए प्राचार्य के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
जिला प्रशासन के साथ समीक्षा बैठक, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
विद्यालय निरीक्षण के उपरांत आयोग के उपाध्यक्ष श्री प्राणेश सॉलोमन जी की अध्यक्षता में खूंटी परिसदन में जिला प्रशासन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्राचार्य पर हुए हमले की घटना की समीक्षा करते हुए उपाध्यक्ष महोदय ने इस निंदनीय घटना की कड़े शब्दों में भर्त्सना की तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया।
उपाध्यक्ष महोदय ने जिला प्रशासन को निर्देशित किया कि जिले में कानून-व्यवस्था एवं आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए। इसके तहत लोगों को नशामुक्ति, शिक्षा के महत्व तथा राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण हो और लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
विद्यालयों की सुरक्षा को लेकर उन्होंने विशेष सतर्कता बरतने पर जोर
विद्यालयों की सुरक्षा को लेकर उन्होंने विशेष सतर्कता बरतने पर जोर देते हुए आवश्यकतानुसार सुरक्षा गार्ड की तैनाती करने तथा विद्यालय परिसर में आधुनिक तकनीक से युक्त उच्च गुणवत्ता वाले AI आधारित सीसीटीवी कैमरे लगाने की दिशा में ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थान बच्चों के भविष्य निर्माण के केंद्र हैं। ऐसे में विद्यालयों में सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
बैठक में घटना की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, जन-जागरूकता बढ़ाने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी एवं ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
बैठक में मुख्य रूप से झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष, प्राणेश सॉलोमन , सदस्य रंजीत कुमार मल्लिक , अनुमंडल पदाधिकारी (SDO), खूंटी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO), खूंटी, जिला कल्याण पदाधिकारी (DWO), खूंटी, जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE), खूंटी, सदर थाना प्रभारी (SHO), खूंटी तथा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी (DPRO), खूंटी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग की टीम ने स्पष्ट किया कि अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों की सुरक्षा, शिक्षण संस्थानों की संरक्षा तथा समाज में शांति एवं सौहार्द बनाए रखना आयोग की प्राथमिकताओं में शामिल है। आयोग इस दिशा में आवश्यक कदम उठाने तथा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।




