जमशेदपुर : कोल्हान और जमशेदपुर के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। पुरी-बादामपहाड़ एक्सप्रेस 28 अक्टूबर से चलने लगेगी। इस ट्रेन के शुरू होने से झारखंड और ओडिशा के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा। टाटानगर स्टेशन पर भी इसका ठहराव रहेगा, जिससे जमशेदपुर और आसपास के यात्रियों को पुरी आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु दिखाएंगी हरी झंडी
28 अक्टूबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु बादामपहाड़ से इस नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी। इस मौके पर राष्ट्रपति के गृह क्षेत्र रायरंगपुर रेलवे स्टेशन पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया ने गुरुवार को टाटानगर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि रेलवे बोर्ड ने 19 अक्टूबर 2026 को ट्रेन के परिचालन का आदेश जारी कर दिया है।
टाटानगर में आने-जाने का समय तय
पुरी-बादामपहाड़ एक्सप्रेस रोजाना चलेगी। ट्रेन का नंबर 18411/18412 है। रेलवे की ओर से टाटानगर स्टेशन पर इसके आगमन और प्रस्थान का समय भी तय कर दिया गया है। ट्रेन का टाटानगर में समय इस प्रकार है:
पुरी से बादामपहाड़ जाते समय: रात 11:30 बजे आगमन और 11:40 बजे प्रस्थान।
बादामपहाड़ से पुरी जाते समय: शाम 5:55 बजे आगमन और 6:05 बजे प्रस्थान।
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
यह ट्रेन खुर्दा रोड, भुवनेश्वर, कटक, जखपुरा, सुकिंदा रोड, केंदुझर, बांसपानी, चाईबासा, राजखरसावां, सीनी, टाटानगर, औलाजोरी और रायरंगपुर समेत कई स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन के शुरू होने से टाटानगर, चाईबासा और राजखरसावां के यात्रियों को खास फायदा मिलने की उम्मीद है। इससे झारखंड और ओडिशा के बीच सफर करने वाले लोगों को एक अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।
आधुनिक एलएचबी कोच से चलेगी ट्रेन
रेलवे बोर्ड के अनुसार, ट्रेन का प्राथमिक रखरखाव पुरी में किया जाएगा। इसके लिए आधुनिक एलएचबी कोच वाली दो रैक लगाई जाएंगी। रायरंगपुर रेलवे स्टेशन को अमृत भारत योजना के तहत विकसित किया गया है। नई ट्रेन शुरू होने से पुरी के जगन्नाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और कारोबारियों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
Read More : निशिकांत दुबे का राहुल गांधी पर आरोप, विदेशी सिंडिकेट से जुड़ाव का दावा



