जामताड़ा : जामताड़ा सदर के साइडिंग रोड में बीती रात एक बंद मकान में चोरों ने हाथ साफ कर दिया। चोर घर की बाउंड्री तोड़कर अंदर घुसे और सोने के गहने, नकदी समेत लाखों रुपये का सामान लेकर फरार हो गए। चोरी की भनक बुधवार की रात करीब 11 बजे लगी, जब घर की रखवाली करने वाला शख्स वहां पहुंचा। मिली जानकारी के अनुसार मकान मालिक अर्णब साधु दुर्गा पूजा के दौरान अपने गांव घसनियां गए हुए थे। घर बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने अपना हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में चोरी को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
Read More : दुमका में चाकू से हमला, गले में वार से व्यक्ति गंभीर रूप से घायल
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
मकान मालिक अर्णब साधु के मुताबिक, चोर घर से सोने की चेन, पांच अंगूठियां और करीब 50 हजार रुपये नकद लेकर भाग निकले। इसके अलावा घर के कई दूसरे सामान भी गायब हैं। चोरी की खबर मिलते ही जामताड़ा टाउन थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने मकान मालिक से पूरी घटना की जानकारी ली और चोरी हुए सामान के बारे में पूछताछ की। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन भी की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और चोरों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।




