रांची: राजधानी के मेन रोड स्थित रांची क्लब में आज गुरुवार, 22 अक्टूबर से तीन दिवसीय स्वर्णिम भारत एक्सपो 2026 की शुरुआत हुई। आयोजित इस राष्ट्रीय प्रदर्शनी का उद्घाटन झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और राज्यसभा सांसद, साहू भी शामिल हुए। यह एक्सपो 24 अक्टूबर तक चलेगा।
प्रदर्शनी का उद्देश्य केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं, सरकारी संस्थानों की उपलब्धियों, वैज्ञानिक प्रगति और देश के विकास से जुड़ी पहलों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना है। एक्सपो में विकसित भारत 2047, आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया की परिकल्पना को प्रदर्शित किया जा रहा है।
विकसित भारत 2047 और आत्मनिर्भर भारत की दिखी झलक
स्वर्णिम भारत एक्सपो में सरकारी विभागों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, वैज्ञानिक संस्थानों, विकास संगठनों और कारोबारियों ने अपने स्टॉल लगाए हैं। यहां विभिन्न क्षेत्रों में भारत की उपलब्धियों, नई तकनीकों और विकास योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को देश की औद्योगिक, वैज्ञानिक और आर्थिक प्रगति से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने पर जोर
उद्घाटन समारोह में राज्यपाल संतोष गंगवार ने झारखंड के स्थानीय उत्पादों को बेहतर गुणवत्ता, आकर्षक डिजाइन, आधुनिक तकनीक और मजबूत ब्रांडिंग के जरिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने पर जोर दिया।

उन्होंने युवाओं से डिजिटल तकनीक, ई-कॉमर्स और सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर अपने कारोबार को आगे बढ़ाने की अपील की। इससे छोटे कारोबारियों और स्थानीय उत्पाद निर्माताओं को बड़े बाजारों तक पहुंचने के अवसर मिल सकते हैं।
भारत अब आयात ही नहीं, निर्यात में भी बढ़ा रहा अपनी ताकत: रक्षा राज्य मंत्री
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने एक्सपो के विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि दुनिया भारत की प्रगति को देख रही है और भारत निर्यात के क्षेत्र में भी अपनी क्षमता बढ़ा रहा है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में ‘मेक इन इंडिया’ अभियान की शुरुआत की थी। उनके अनुसार, पिछले 12 वर्षों में भारत ने विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की है और वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है।
देश आर्थिक प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहा है
राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कहा कि देश आर्थिक प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को आम लोगों तक केंद्र सरकार की विकास योजनाओं और विभिन्न संस्थानों की उपलब्धियों की जानकारी पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बताया।

इसरो से कोल इंडिया तक, कई प्रमुख संस्थान शामिल
स्वर्णिम भारत एक्सपो में देश के कई प्रमुख सरकारी और सार्वजनिक संस्थानों की भागीदारी है। इनमें इसरो, कस्टम्स एवं सेंट्रल एक्साइज, कोल इंडिया, सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL), एपीडा, ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी, भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), सीएसआईआर, एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड, प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और कृषि विज्ञान केंद्र (ICAR) शामिल हैं।




