रांची: अब राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में अब ठंड का असर बढ़ने लगा है। सुबह-शाम कनकनी महसूस हो रही है। कई इलाकों में सुबह के वक्त हल्का कोहरा भी देखने को मिल रहा है। वही बढ़ती ठंड को लेकर लाेग सुबह- शाम गर्म कपड़े पहनना शुरु कर दिया है।
अगले पांच दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा
मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा, लेकिन ठंड बढ़ सकती है। रांची में अगले पांच दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं, अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
22 और 23 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान गिरकर 15 डिग्री तक पहुंच सकता है। रांची में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री तक पहुंचने से ठंड काफी बढ़ सकती है। वहीं, 24 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 16 डिग्री और 25 अक्टूबर को 17 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान सुबह में धुंध और कुहासा छाए रहने के बाद आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा।




