रांची : राजधानी रांची के डोरंडा क्षेत्र में बुधवार को मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। छप्पन सेट, कुसाई कॉलोनी, भवानीपुर और एजी कॉलोनी सहित डोरंडा के विभिन्न पूजा पंडालों की प्रतिमाओं को बटन तालाब में विसर्जित किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई दी और अगले वर्ष फिर आने की प्रार्थना की। रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति के मुख्य संरक्षक आलोक कुमार दूबे के नेतृत्व में छप्पन सेट मंदिर परिसर से विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चियां, बुजुर्ग और युवा शामिल हुए। श्रद्धालु माता के भजनों पर झूमते-गाते छप्पन सेट, गोरखा चौक और राजेंद्र चौक होते हुए बटन तालाब पहुंचे।
Read More : रांची में 22 अक्टूबर से स्वर्णिम भारत एक्सपो 2026, राज्यपाल करेंगे उद्घाटन
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई पूजा-अर्चना
विसर्जन शोभायात्रा से पहले छप्पन सेट मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां दुर्गा की पूजा-अर्चना और आरती की गई। इस दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर और अबीर लगाया। आलोक कुमार दूबे ने सभी महिलाओं को मां दुर्गा की चुनरी भेंट की। इसके बाद महिला और पुरुष श्रद्धालु भक्ति गीतों पर नाचते-गाते बटन तालाब पहुंचे। वहां मां की आरती करने के बाद परंपरा के अनुसार प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।
मां दुर्गा से सुख-शांति और समृद्धि की कामना
विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से अमन, शांति, समृद्धि और खुशहाली का आशीर्वाद मांगा। मां की विदाई के समय भक्त भावुक नजर आए। सभी ने अगले वर्ष फिर आने की प्रार्थना के साथ मां दुर्गा को विदाई दी। इस अवसर पर आलोक कुमार दूबे ने नवरात्र और दुर्गा पूजा के सफल आयोजन के लिए शहर की सभी पूजा समितियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सुरक्षा बलों, विभिन्न धर्मों के लोगों और स्थानीय नागरिकों को बधाई दी। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी पूजा समितियों को लगातार मार्गदर्शन देने और सहयोग करने के लिए धन्यवाद दिया।
पूजा के सफल आयोजन में इनका रहा योगदान
आलोक कुमार दूबे ने दुर्गा पूजा के सफल आयोजन के लिए राज्य सरकार, दुर्गा पूजा समितियों, विभिन्न धार्मिक संगठनों, जिला एवं पुलिस प्रशासन, मीडिया और श्रद्धालुओं के प्रति आभार जताया। आयोजन में दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष गौतम दूबे गोपी के साथ कपिलदेव सिंह, विजय गुप्ता, सुमित सिंह, मनोज सिंह, महेंद्र प्रसाद, संजीत यादव, जितेंद्र सिंह, राजेश यादव, अमोल कुमार, मनोज तिवारी, अभय सिंह, शशिकांत, मेंहुल दूबे, कमलेश झा, अजय थापा, अश्वनी कुमार, दीपक ठाकुर, सचिन कुमार, हर्ष तिवारी, पिंकू सिन्हा, विवेक सिंह, रोहित कुमार और सुमित मिश्रा का योगदान सराहनीय रहा। महिला श्रद्धालुओं में गुड़िया सिंह, छाया अम्बष्ट, दात्री भारद्वाज, पूनम वर्मा, विनीत श्रीवास्तव, काजल कुमारी, कुमारी साक्षी कुमारी, प्रिया वर्मा, जया कुमारी, श्रुति कुमारी और मून कुमारी प्रमुख रूप से शामिल रहीं।




