धनबाद: धनबाद से करीब 12 किलोमीटर दूर गोविंदपुर थाना क्षेत्र के बागसुमा गांव में गुरुवार को प्रेम प्रसंग को लेकर जमकर हंगामा हुआ। गांव की एक महिला से प्रेम संबंध होने के आरोप में ग्रामीणों ने कलियासोल के एक युवक को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। ग्रामीणों ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
also read : एससी-एसटी के मुद्दों पर 29 नवंबर को महाबैठक, बंधु तिर्की ने उठाए सवाल
जानकारी के अनुसार, युवक गुरुवार सुबह बागसुमा गांव पहुंचा था। इसकी जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि गांव की एक महिला के साथ युवक के कथित प्रेम संबंध को लेकर ग्रामीण नाराज थे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और ग्रामीणों ने युवक की पिटाई कर दी।
इसके बाद उसे गोविंदपुर पुलिस को सौंप दिया। मामले को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। विवाद किन परिस्थितियों में शुरू हुआ और घटना के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



