रांची : झारखंड के उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में 27 अक्टूबर को कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बुधवार को यह जानकारी दी। वहीं, 22 अक्टूबर से राज्य के कई जिलों में सुबह के समय कुहासा छाने और इसके बाद दिनभर मौसम साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। फिलहाल राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में दिन में हल्की गर्मी और शाम के समय ठंड महसूस की जा रही है।
read more : मिशन 2029 की तैयारी में BJP, 23 अक्टूबर को रांची आएंगे नितिन नवीन
इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, 27 अक्टूबर को देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज समेत उत्तर-पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। इसके अलावा राज्य के दक्षिण-पूर्वी जिलों में भी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, 22 अक्टूबर से कई जिलों में सुबह के समय कुहासा छा सकता है। इसके बाद दिन में मौसम साफ रहने का अनुमान है।
अगले पांच दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव के आसार नहीं
विभाग ने बताया कि अगले पांच दिनों में राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी तरह के बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। ऐसे में दिन के समय हल्की गर्मी और सुबह-शाम अपेक्षाकृत ठंड का एहसास बना रह सकता है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान चाईबासा में 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 13.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रांची समेत प्रमुख शहरों का तापमान
बुधवार को रांची में अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य प्रमुख शहरों में तापमान इस प्रकार रहा:
- जमशेदपुर: अधिकतम 32.8 डिग्री, न्यूनतम 19.6 डिग्री सेल्सियस
- डाल्टनगंज: अधिकतम 33.2 डिग्री, न्यूनतम 19.3 डिग्री सेल्सियस
- बोकारो: अधिकतम 33.1 डिग्री, न्यूनतम 18.1 डिग्री सेल्सियस
- चाईबासा: अधिकतम 33.8 डिग्री, न्यूनतम 18.6 डिग्री सेल्सियस
राजधानी रांची सहित राज्य के कई हिस्सों में दिन और शाम के तापमान में अंतर महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।




