बिहार: नालंदा जिले में शराब तस्करों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। इस बार शराब तस्करों ने पीछा करने पर सिपाही को गोली मार दी। इलाज के दौरान सिपाही की मौत हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक, नालंदा जिले में शराब तस्करों को पकड़ने निकली उत्पाद विभाग की टीम पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
also read :धर्म बदलने पर नहीं मिलेगा BC आरक्षण? सुप्रीम कोर्ट के फैसले से तमिलनाडु सरकार को झटका
इस दौरान गोली लगने से सिपाही अजीत कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें इलाज के लिए पहले पावापुरी स्थित भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें पटना रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद उत्पाद विभाग और जिला पुलिस की टीम हमलावरों की तलाश में जुट गई है।
उत्पाद अधीक्षक संजय कुमार चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पटना मुख्यालय की एक्साइज इंटेलिजेंस ब्यूरो (ईआईबी) को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से शराब की बड़ी खेप नालंदा लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पटना से आई ईआईबी की विशेष टीम ने राजगीर उत्पाद विभाग के सब-इंस्पेक्टर और स्थानीय टीम के साथ मिलकर शराब तस्करों का पीछा करना शुरू किया।
फ्लाईओवर के पास रोकने की कोशिश, तभी चली गोली
शराब से लदी पिकअप नवादा जिले के खराट मोड़ से आगे बढ़ी थी। टीम गाड़ी का पीछा करते हुए नालंदा पहुंची। पावापुरी-गिरियक इलाके में हाईवे पर फ्लाईओवर के पास उत्पाद विभाग की टीम ने पिकअप को रोकने और घेरने की कोशिश की। इसी दौरान तस्करों के लिए रेकी कर रहे लाइनर ने पुलिस टीम पर अचानक गोली चला दी। गोली सिपाही अजीत कुमार को लग गई। वह गंभीर रूप से जख्मी होकर गिर पड़े। फायरिंग के बाद मची अफरातफरी का फायदा उठाकर तस्कर और लाइनर वाहन समेत फरार हो गए।
हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
उत्पाद अधीक्षक संजय कुमार चौधरी ने बताया कि कार्रवाई पटना से आई ईआईबी की विशेष टीम के नेतृत्व में की जा रही थी। घटना के बाद उत्पाद विभाग और जिला पुलिस की टीमें संयुक्त रूप से हमलावरों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
also read : नेमरा में मां के श्राद्धकर्म के लिए CM हेमंत सोरेन ने की चूल्हे की पूजा




