लद्दाख : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को लद्दाख को करीब 3,350 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। इन योजनाओं से इलाके में हवाई और सड़क से आना-जाना आसान होगा। साथ ही ऊर्जा की बचत, सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और पानी की किल्लत दूर करने की दिशा में भी काम होगा। PM मोदी ने लेह के कुशोक बकुला रिम्पोछे हवाई अड्डे पर 640 करोड़ रुपये की लागत से बने नए यात्री टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए लोगों को भी संबोधित किया और विकास योजनाओं की जानकारी दी।
Read More : सुप्रीम कोर्ट पर दबाव नहीं बना सकता कोई, राहुल गांधी के मार्च पर CJI सूर्यकांत की दोटूक
लेह एयरपोर्ट की यात्री क्षमता बढ़कर 35 लाख होगी
नया टर्मिनल 23,800 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनाया गया है। इसकी सालाना यात्री क्षमता 35 लाख है। इससे पहले हवाई अड्डे की सालाना यात्री क्षमता 10 लाख थी। प्रधानमंत्री के मुताबिक, नए टर्मिनल के शुरू होने से उड़ानों की संख्या भी तीन गुना तक बढ़ सकती है। लद्दाख के कठिन मौसम को ध्यान में रखते हुए टर्मिनल में भू-तापीय यानी जियोथर्मल तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इसमें सौर ऊर्जा का भी उपयोग किया गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जियोथर्मल हीटिंग की सुविधा वाला यह भारत का पहला एयरपोर्ट टर्मिनल है। टर्मिनल परिसर में स्थानीय संस्कृति और कला की झलक भी देखने को मिलेगी। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस भवन से लद्दाख में हवाई कनेक्टिविटी और पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
‘लद्दाख की प्रगति और विकास में एक और अध्याय जुड़ रहा’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि आज लद्दाख की प्रगति और विकास में एक और अध्याय जुड़ रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें तकनीक के माध्यम से इस अवसर का हिस्सा बनने की खुशी है। PM मोदी ने कहा कि इन परियोजनाओं से लोगों का सफर आसान होगा, बिजली की सुविधाएं बेहतर होंगी और पानी की उपलब्धता बढ़ेगी। साथ ही, क्षेत्र की प्राचीन विरासत के संरक्षण को भी नई ताकत मिलेगी। प्रधानमंत्री ने परियोजनाओं के लिए लद्दाख के लोगों को बधाई दी। उन्होंने इनके निर्माण में लगे इंजीनियरों, श्रमिकों और स्थानीय सहयोगियों की भी सराहना की। PM मोदी ने सीमा सड़क संगठन (BRO) के कर्मियों की विशेष रूप से प्रशंसा की।
निम्मू-पदुम-दारचा सड़क से 12 घंटे का सफर करीब 3 घंटे में
प्रधानमंत्री ने निम्मू-पदुम-दारचा सड़क का भी जिक्र किया, जिसे लद्दाख के लोगों को समर्पित किया गया। इस सड़क के निर्माण पर करीब 2,500 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। PM मोदी ने कहा कि पहले इस मार्ग पर सफर पूरा करने में करीब 12 घंटे लगते थे, लेकिन अब यह यात्रा लगभग 3 घंटे में पूरी हो सकेगी। इससे लोगों का समय बचेगा और व्यापार तथा कारोबार को भी मदद मिलेगी।
लद्दाख के युवाओं की शिक्षा और खेल पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार का विशेष ध्यान लद्दाख की नई पीढ़ी पर है। उनका कहना था कि यहां के युवाओं को अच्छी शिक्षा और नई तकनीक सीखने के अवसर मिलने चाहिए, ताकि उन्हें दूसरे शहरों पर निर्भर न रहना पड़े। इसी उद्देश्य से लेह में एक बड़ा उत्कृष्टता केंद्र बनाया जा रहा है। PM मोदी ने बताया कि IIT जम्मू और IIM जम्मू के सैटेलाइट कैंपस स्थापित करने के प्रस्तावों को भी आगे बढ़ाया जा रहा है। इनसे लद्दाख के युवाओं को उच्च शिक्षा, रिसर्च और नए कौशल सीखने के लिए अपने क्षेत्र में ही बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
प्रधानमंत्री ने लद्दाख में खेलों की संभावनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यहां के युवाओं ने आइस हॉकी, विंटर स्पोर्ट्स और पर्वतारोहण जैसे क्षेत्रों में अपनी विशेष पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि नई खेल नीति के माध्यम से खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल कर सकें।




