रांची : दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा देने के लिए रांची नगर निगम ने शहर के सभी 176 पूजा पंडालों और उनके संपर्क मार्गों पर समतलीकरण का काम कराया है। निगम की ओर से अब तक 981 ट्रैक्टर स्टोन डस्ट और 242 ट्रैक्टर जेएसबी उपलब्ध कराए गए हैं। इसका उद्देश्य पूजा पंडालों के परिसर और आसपास के रास्तों को समतल बनाना है, ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी न हो। नगर निगम ने पूजा समितियों से मिली मांगों के आधार पर पंडालों और उनके संपर्क मार्गों का निरीक्षण किया। इसके बाद जरूरत के अनुसार स्टोन डस्ट और जेएसबी उपलब्ध कराए गए।
Read More : नीला ड्रम केस : मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला को मिली मौत की सजा
176 पूजा पंडालों में कराया गया समतलीकरण
रांची नगर निगम के अनुसार, इस वर्ष विभिन्न पूजा समितियों ने कुल 624 ट्रैक्टर स्टोन डस्ट की मांग की थी। इसके मुकाबले निगम अब तक 981 ट्रैक्टर स्टोन डस्ट उपलब्ध करा चुका है। इससे पूजा पंडालों के परिसर और आसपास के क्षेत्रों में समतलीकरण का काम किया गया है। निगम की टीम ने पूजा पंडालों तक पहुंचने वाले रास्तों का भी निरीक्षण किया। जहां गड्ढे मिले, वहां उन्हें दुरुस्त करने और आवागमन सुगम बनाने के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई।
संपर्क मार्गों पर 242 ट्रैक्टर जेएसबी का इस्तेमाल
पूजा पंडालों तक पहुंचने वाले रास्तों को बेहतर बनाने के लिए लगभग 242 ट्रैक्टर जेएसबी का उपयोग किया गया। इसके माध्यम से विभिन्न पंडालों के संपर्क मार्गों पर मौजूद गड्ढों को भरकर रास्तों को समतल किया गया। नगर निगम का कहना है कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है। इसके साथ ही पूजा समितियों को जरूरी नागरिक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने और शहर में स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण बनाए रखने के लिए भी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
स्टोन डस्ट की जरूरत हो तो इस नंबर पर करें संपर्क
रांची नगर निगम के पास अतिरिक्त स्टोन डस्ट का बैकअप भी उपलब्ध है। जिन पूजा समितियों को अभी स्टोन डस्ट की आवश्यकता है, वे अपनी जरूरत और फीडबैक निगम तक पहुंचा सकती हैं। इसके लिए पूजा समितियां नगर निगम के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-570-1235 पर संपर्क कर सकती हैं। निगम के अनुसार, प्राप्त सूचनाओं के आधार पर जरूरत के मुताबिक स्टोन डस्ट उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी, ताकि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।




