रांची: राजधानी के मन रोड अल्बर्ट एक्का चौक स्थित शास्त्री मार्केट के समीप बैरिकेडिंग के अंदर व्हाइट लाइन के भीतर खड़े दोपहिया वाहनों का लगातार चालान काटे जाने पर चिंता व्यक्त करते हुए झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स ने ट्रैफिक एसपी को पत्राचार कर, त्यौहारी अवधि में अनावश्यक चालान करने की कार्रवाई से राहत देने की मांग की।
also read : नेमरा में श्राद्धकर्म के बीच जनसेवा में जुटे CM हेमंत सोरेन, सुनीं समस्याएं
चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि शास्त्री मार्केट के दुकानदारों की ओर से यह लगातार शिकायत मिल रही है कि बेरिकेडिंग के अंदर वाइट लाइन में वाहन पार्किंग करने के बावजूद यातायात पुलिस द्वारा उनके वाहनों का चालान काटा जा रहा है। यातायात पुलिस की कार्रवाई से शास्त्री मार्केट में ग्राहकों का आवागमन कम हो गया है जिससे व्यवसायियों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में त्योहारी सीजन चल रहा है, जो व्यापारियों के लिए वर्ष की महत्वपूर्ण व्यावसायिक अवधि है। ऐसे समय में खरीदारी के लिए आनेवाले ग्राहकों को अनावश्यक परेशानी होने से बाजार की व्यावसायिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।
शहर के अन्य क्षेत्रों में भी इस तरह की हो रही समस्या को देखते हुए आज चैम्बर भवन में एक बैठक हुई। बैठक में यह कहा गया कि व्हाइट लाइन के भीतर निर्धारित स्थान पर खड़े वाहनों के विरुद्ध अनावश्यक चालान की कार्रवाई पर रोक लगाई जाय ताकि यातायात व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ स्थानीय व्यापारियों और ग्राहकों को भी त्योहारी सीजन में राहत मिल सके। बैठक में चैम्बर अध्यक्ष तुलसी पटेल, सह सचिव अमित शर्मा और कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग उपस्थित थे। यह जानकारी प्रवक्ता विनाता सिंघानया ने दी।



