रांची जिला स्कूल में सजेगा भव्य दुर्गा पंडाल, नौ कन्याएं करेंगी उद्घाटन

रांची : राजधानी रांची के जिला स्कूल परिसर में इस साल दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को वाराणसी के स्वर्वेद महामंदिर की झलक देखने को मिलेगी। श्री राम लला पूजा समिति अपने तीसरे वर्ष में इस मंदिर के प्रारूप पर भव्य पूजा पंडाल तैयार कर

जिला स्कूल
श्री रामलला दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए।

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : राजधानी रांची के जिला स्कूल परिसर में इस साल दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को वाराणसी के स्वर्वेद महामंदिर की झलक देखने को मिलेगी। श्री राम लला पूजा समिति अपने तीसरे वर्ष में इस मंदिर के प्रारूप पर भव्य पूजा पंडाल तैयार कर रही है। करीब 150 फीट चौड़े और 100 फीट ऊंचे इस पंडाल के गर्भगृह में मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। समिति ने पंडाल की भव्यता के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम दर्शन पर भी विशेष ध्यान दिया है। समिति के अध्यक्ष अशोक चौधरी और महासचिव कुणाल अजमानी ने आज यानी मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूजा आयोजन की तैयारियों की जानकारी दी।

Read More : झारखंड के पूर्व सांसद बृजमोहन राम को संजय सेठ ने दी बधाई

वाराणसी के स्वर्वेद महामंदिर की तर्ज पर बना पंडाल

समिति के अध्यक्ष अशोक चौधरी ने बताया कि वाराणसी के उमरहा क्षेत्र में स्थित स्वर्वेद महामंदिर अपनी विशाल स्थापत्य शैली और आध्यात्मिक स्वरूप के लिए जाना जाता है। इसका निर्माण दिसंबर 2004 में शुरू हुआ था और 18 दिसंबर 2023 को PM मोदी ने इसका उद्घाटन किया था। यह मंदिर विहंगम योग परंपरा से जुड़ा आध्यात्मिक साधना, ध्यान, योग और अध्ययन का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य केवल पूजा पंडाल बनाना नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं को भारतीय आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना भी है। इसी उद्देश्य से इस बार स्वर्वेद महामंदिर का प्रारूप चुना गया है।

तीसरे वर्ष भी धार्मिक विरासत पर आधारित थीम

समिति के महासचिव कुणाल अजमानी ने बताया कि वर्ष 2024 में श्री राम मंदिर के प्रारूप पर पूजा पंडाल तैयार किया गया था। उस दौरान झारखंड के अलावा दूसरे राज्यों से भी श्रद्धालु पंडाल देखने पहुंचे थे। वर्ष 2025 में गुजरात के भुज स्थित स्वामीनारायण मंदिर के प्रारूप को रांची जिला स्कूल परिसर में प्रस्तुत किया गया था। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष स्वर्वेद महामंदिर की प्रतिकृति तैयार की जा रही है। कुणाल अजमानी के अनुसार, पंडाल की चौड़ाई लगभग 150 फीट और ऊंचाई 100 फीट होगी। इसके मध्य में बने गर्भगृह की ऊंचाई करीब 30 फीट रखी गई है, जहां मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा के दर्शन होंगे।

नौ कन्याओं के पूजन के बाद खुलेंगे पंडाल के पट

समिति ने बताया कि राज्यपाल को पंडाल के उद्घाटन के लिए आमंत्रित किया गया है। इसके साथ ही नौ कन्याओं के पूजन के बाद पंडाल के पट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए जाएंगे। आयोजन के तहत शाम 6 बजे से भजन संध्या भी होगी। समिति ने मां भवानी के भक्तों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

श्रद्धालुओं के लिए होंगी विशेष सुविधाएं

समिति के मुताबिक, पंडाल में प्रवेश द्वार से गर्भगृह तक कई तरह की कलात्मक सजावट की गई है। गर्भगृह के अंदर रंगीन कलाकृतियां भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। महिलाओं और पुरुषों के लिए प्रवेश और निकास के अलग-अलग द्वार बनाए गए हैं। पूजा परिसर में बच्चों और परिवारों के मनोरंजन के लिए छोटे-बड़े झूलों की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके अलावा, परिसर में उचित मूल्य पर अल्पाहार और व्यंजनों की व्यवस्था रहेगी। समिति के अनुसार, यहां 100 से अधिक तरह के व्यंजनों का स्वाद लेने का अवसर मिलेगा।

पूजा आयोजन को सफल बनाने की अपील

बैठक में अध्यक्ष अशोक चौधरी और महासचिव कुणाल अजमानी ने समिति के सदस्यों से पूजा आयोजन को सफल बनाने के लिए तन, मन और धन से सहयोग करने की अपील की। श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन को व्यवस्थित रखने के लिए सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां भी सौंपी जाएंगी। बैठक का संचालन समिति के प्रवक्ता प्रमोद सारस्वत ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रवक्ता बादल सिंह ने दिया।

प्रेस वार्ता में प्रेमचंद श्रीवास्तव, दिलीप सोनी, प्रकाश धेलिया, महेश सोनी, संजय गुप्ता, प्रमोद सारस्वत, बादल सिंह, निर्मल जालान, रवि प्रकाश टुना, अनिल चौधरी, दीपक चौधरी, शुभम मित्तल, राजीव सिंह, अमन प्रकाश, शुभम शर्मा, सोनू भारद्वाज, उमेश प्रसाद, ओम प्रकाश शर्मा, कमलेश शर्मा, भावेन राठौर और प्रथम भाला सहित समिति के कई सदस्य उपस्थित थे। समिति का कहना है कि इस वर्ष जिला स्कूल परिसर में तैयार हो रहा पंडाल श्रद्धा, आध्यात्मिकता, संस्कृति और कला का संगम बनेगा तथा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगा।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.