पलामू : झारखंड के पलामू, गढ़वा और लातेहार में दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। तीनों जिलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हाई अलर्ट जारी किया गया है। पुलिस अधिकारियों को साफ निर्देश दिया गया है कि बिना इजाजत कोई भी अपना जिला, थाना या मुख्यालय छोड़कर नहीं जाएगा। बता दें कि पलामू प्रमंडल के इन तीनों जिलों में कुल 661 जगहों पर दुर्गा पूजा के पंडाल लगाए जाते हैं। ऐसे में पूजा के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन पूरी तैयारी में जुटा है। वहीं, तीनों जिलों की सीमा छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और बिहार से लगती है। इसे देखते हुए दूसरे राज्यों से आने-जाने वाले रास्तों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
Read More : झारखंड में BJP का संगठन विस्तार, कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने थामा दामन
सीमावर्ती इलाकों में वाहनों की जांच, फ्लैग मार्च की तैयारी
पुलिस ने अंतरराज्यीय सीमाओं पर विशेष निगरानी शुरू कर दी है। दूसरे इलाकों से आने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की योजना भी तैयार की गई है। नवमी और दशमी से पहले कई इलाकों में फ्लैग मार्च किया जाएगा। इसके साथ ही तीनों जिलों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। अगले एक से दो दिनों में जिला स्तर पर भी शांति समिति की बैठक होनी है।
पलामू में 2700, गढ़वा और लातेहार में 1200-1200 जवानों की तैनाती
दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए पलामू में करीब 2700 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है। वहीं, गढ़वा और लातेहार में लगभग 1200-1200 पुलिसकर्मी तैनात किए जा रहे हैं। प्रशासन ने तीनों जिलों की पूजा समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी उपलब्ध करा दिए हैं। पुलिस और दंडाधिकारी पूजा पंडालों की मजबूती का भौतिक सत्यापन कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है और सुरक्षा बलों की तैनाती की योजना तैयार कर ली गई है।
विसर्जन स्थलों की निगरानी, पिछली घटना के बाद सतर्कता
करमा पूजा के विसर्जन के दौरान पलामू में नदियों में डूबने से छह लोगों की मौत हुई थी। इस घटना के बाद दुर्गा पूजा विसर्जन को लेकर प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। नदियों और अन्य तटवर्ती क्षेत्रों का पुलिस अधिकारी जायजा ले रहे हैं और पूजा समितियों के साथ बैठक कर रहे हैं। पलामू रेंज के डीआईजी किशोर कौशल ने कहा कि दुर्गा पूजा एक बहुत बड़ा आयोजन है। उन्होंने बताया कि प्रमंडल में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई है और शांति समिति की बैठकें लगातार हो रही हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बिना अनुमति कोई भी पुलिसकर्मी अपना थाना या मुख्यालय नहीं छोड़ेगा।
बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटा विभाग
दुर्गा पूजा के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए बिजली विभाग ने भी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कई इलाकों में जर्जर तारों की मरम्मत की गई है। बिजली विभाग के जीएम श्रवण कुमार ने बताया कि कुल 661 पूजा पंडालों में से 461 में बिजली के तार और पोल की स्थिति सामान्य है। उन्होंने कहा कि करीब 200 स्थानों पर निगरानी रखी जा रही है। जिन इलाकों में बिजली के तार जर्जर हैं, वहां मरम्मत का काम किया गया है। पूजा के दौरान बिजली से जुड़ी किसी भी समस्या से बचने के लिए विभाग सतर्क है।




