अमृतसर : अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एयरपोर्ट के आसपास आसमान में दो से तीन ड्रोन उड़ते दिखाई दिए। रात करीब 9:30 बजे ड्रोन दिखने के बाद सुरक्षा एजेंसियां फौरन हरकत में आ गईं और एहतियात के तौर पर रनवे पर विमानों की आवाजाही रोक दी गई। इसके चलते अमृतसर आने वाली तीन फ्लाइटों को दिल्ली और चंडीगढ़ की तरफ भेजना पड़ा। अचानक फ्लाइटों का रास्ता बदलने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई। कई यात्री एयरपोर्ट पर ही फंसकर रह गए, तो कुछ लोग अपनी फ्लाइट का हाल जानने के लिए अधिकारियों के चक्कर काटते नजर आए।
Read More : CJI सूर्यकांत से क्यों नहीं मिल पाएंगे इंडिया ब्लॉक के नेता? जानें वजह
रात 9:30 बजे दिखे संदिग्ध ड्रोन, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
मिली जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 9:30 बजे एयरपोर्ट पर तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने परिसर और आसपास के आसमान में संदिग्ध ड्रोन उड़ते देखे। जवानों ने तुरंत इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। एहतियातन एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन रोक दिया गया, ताकि सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
एयर इंडिया, इंडिगो और मलेशिया एयरलाइंस की उड़ानें डायवर्ट
ड्रोन गतिविधि के चलते अमृतसर आने वाली तीन उड़ानों का मार्ग बदलना पड़ा। प्रभावित उड़ानों का विवरण इस प्रकार है:
एयर इंडिया AI-855: दिल्ली से अमृतसर आ रही इस उड़ान को वापस दिल्ली भेज दिया गया।
इंडिगो 6E-5028: मुंबई से अमृतसर आ रही इस उड़ान को चंडीगढ़ डायवर्ट किया गया।
मलेशिया एयरलाइंस MH-118: कुआलालंपुर से अमृतसर आ रही इस उड़ान को दिल्ली भेज दिया गया।
उड़ानों का मार्ग बदलने से यात्रियों को परेशानी हुई। अचानक उड़ानों के प्रभावित होने और टिकट रद्द होने की स्थिति को लेकर कुछ यात्रियों में नाराजगी भी देखने को मिली। यात्रियों ने अधिकारियों से जानकारी मांगी, लेकिन शुरुआत में उन्हें स्पष्ट जवाब नहीं मिल पाया।
हालांकि, रात करीब 10:30 बजे के बाद स्थिति सामान्य होने लगी।
सितंबर में भी सामने आई थी ड्रोन गतिविधि
अमृतसर एयरपोर्ट के आसपास संदिग्ध ड्रोन दिखने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले छह सितंबर की रात करीब 9:40 से 9:50 बजे के बीच रनवे और ऑपरेशनल एरिया के पास आसमान में संदिग्ध ड्रोन उड़ते देखे गए थे। उस घटना के बाद सुरक्षा कारणों से एयरपोर्ट का संचालन करीब 90 मिनट तक रोकना पड़ा था। इसके चलते अमृतसर आने वाली सात व्यावसायिक उड़ानों को डायवर्ट कर दिल्ली और चंडीगढ़ भेजा गया था।
ड्रोन उड़ाने वालों की पहचान नहीं, जांच जारी
फिलहाल रविवार रात एयरपोर्ट के आसपास देखे गए ड्रोन की गतिविधि और उन्हें उड़ाने वालों के बारे में जानकारी सामने नहीं आई है। सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर रही हैं।




