झुमरी तिलैया (कोडरमा): झारखंड के झुमरी तिलैया में रविवार, 11 अक्टूबर से 26 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले 16 दिवसीय श्री 1008 सर्वतोभद्र महामंडल विधान का भव्य एवं आध्यात्मिक शुभारंभ हुआ। श्री दिगम्बर जैन समाज एवं विरागोदय वर्षायोग समिति के निर्देशन में आयोजित इस महोत्सव का शुभारंभ परम पूज्य मुनि श्री 108 सुयश सागर जी महाराज एवं मुनि श्री 108 कौशल्य सागर जी महाराज के पावन सान्निध्य एवं मंगल आशीर्वाद में हुआ। प्रथम दिन धार्मिक अनुष्ठानों, घटयात्रा, श्रीजी की शोभायात्रा, अभिषेक, शांतिधारा एवं ध्वजारोहण के साथ पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
गाजे-बाजे के साथ निकाली गई घट यात्रा भक्तिमय हुआ शहर
विधान के शुभारंभ पर प्रातः पानी टंकी रोड स्थित नया जैन मंदिर से भव्य घटयात्रा निकाली गई। इसमें महिलाओं ने अपने मस्तक पर मंगल कलश धारण कर श्रद्धा एवं भक्ति के साथ भाग लिया। शोभायात्रा में श्रीजी को भी मंगल विहार कराते हुए बड़े जैन मंदिर तक लाया गया। जुलूस के समापन के बाद भगवान का अभिषेक एवं शांतिधारा संपन्न हुई। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और भक्तिभाव के साथ धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता की।
विधान के प्रथम दिन ध्वजारोहण का सौभाग्य अजय-अलका, प्रशम-दीपाली जैन सेठी परिवार को प्राप्त हुआ। वहीं, ध्वजारोहणकर्ता के रूप में अजय, प्रशम जैन सेठी परिवार की सहभागिता रही।प्रथम दिवस सौधर्म इंद्र बनने का सौभाग्य शांतिलाल एवं राजेश देवी छाबड़ा परिवार, शांतिलाल लट्टू जैन छाबड़ा परिवार तथा अजय-अमित जैन गंगवाल परिवार को प्राप्त हुआ। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने पुण्यार्जक परिवारों को शुभकामनाएं दीं।
also read : पंजाबी हिंदू बिरादरी महिला विंग का करवा चौथ समारोह 25 अक्टूवर को
विधान के शुभारंभ पर बाहर से पधारे पंडित संजय भैया एवं स्थानीय विधानाचार्य पंडित अभिषेक जैन शास्त्री ने विधान में सम्मिलित होने वाले इंद्र-इंद्राणियों एवं अन्य श्रद्धालुओं का सकलीकरण और मौली बंधन कराया। इसके पश्चात नवदेवताओं का आह्वान कर विधि-विधानपूर्वक पूजन संपन्न कराया गया। प्रथम दिवस नवदेवता पूजन किया गया।इस अवसर पर अजय-अलका जैन सेठी परिवार को मुनिराज ससंघ के चरण प्रक्षालन कर आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिला।
धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनि श्री 108 सुयश सागर जी महाराज ने कहा कि नवरात्र के पावन अवसर पर सर्वतोभद्र महामंडल विधान की आराधना करने का सौभाग्य महान पुण्योदय से प्राप्त होता है। यह कोडरमा एवं झुमरी तिलैया के श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत हर्ष और सौभाग्य का विषय है।
मुनि श्री ने कहा कि इस विधान का आयोजन विश्व में सुख, शांति एवं समृद्धि की मंगल भावना के साथ किया जा रहा है। श्रद्धालु अनेक नगरों एवं तीर्थक्षेत्रों में जाकर जिनेंद्र भगवान के दर्शन करते हैं, लेकिन सर्वतोभद्र महामंडल विधान में तीनों लोकों में विराजमान जिनबिंबों एवं जिनालयों की आराधना का विशेष आध्यात्मिक महत्व है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से धर्म, भक्ति एवं आत्मकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
भव्य मंडप बना आकर्षण का केंद्र
सर्वतोभद्र महामंडल विधान के लिए विशाल एवं आकर्षक मंडप का निर्माण कराया गया है, जो श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इस 16 दिवसीय धार्मिक आयोजन के दौरान प्रतिदिन जिनेंद्र भगवान का अभिषेक, शांतिधारा, पूजन, विधान एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। विधान में शामिल इंद्र-इंद्राणियां भक्ति एवं आराधना के माध्यम से आत्मकल्याण की भावना से धर्म साधना करेंगे।
मुनि श्री कौशल्य सागर जी का महापारणा संपन्न
इसी क्रम में मुनि श्री 108 कौशल्य सागर जी महाराज का महापारणा अभिषेक-शिखा जैन गंगवाल के निवास पर संपन्न हुआ। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने धर्मलाभ प्राप्त कियादिनभर के धार्मिक कार्यक्रमों के पश्चात संध्या में सेठी परिवार के सौजन्य से भक्तिभावपूर्वक महाआरती का आयोजन किया गया। इसके साथ णमोकार चालीसा का सामूहिक पाठ हुआ। श्रद्धालुओं ने भगवान की आराधना कर विश्व कल्याण, सुख-शांति एवं समृद्धि की मंगल कामना की।
also read : नाबालिग से यौन शोषण के आरोप में कोडरमा के सिविल सर्जन गिरफ्तार, भेजे गए जेल
श्री दिगम्बर जैन समाज एवं विरागोदय वर्षायोग समिति के निर्देशन में आयोजित यह महोत्सव 26 अक्टूबर तक चलेगा। आगामी दिनों में प्रतिदिन होने वाले पूजन, विधान एवं धार्मिक कार्यक्रमों में समाज के श्रद्धालुओं की सहभागिता रहेगी। धर्मनगरी झुमरी तिलैया में इस आयोजन से जैन समाज के बीच उत्साह, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण बना हुआ है। कोडरमा मिडिया प्रभारी राज कुमार जैन नवीन जैन ने दीI



