नई दिल्ली : कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता अभिजीत दीपके के घर से दुखद खबर सामने आई है। उनकी दादी सावित्रीबाई शंकर दीपके का आज 85 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में अपने पैतृक गांव संतुक पिंपरी में आखिरी सांस ली। एक तरफ घर में दादी के गुजर जाने से मातम पसरा है, तो दूसरी तरफ अभिजीत दीपके दिल्ली में पुलिस हिरासत में हैं। अब सबके मन में यही सवाल है कि क्या अभिजीत अपनी दादी के आखिरी दर्शन करने और अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए गांव पहुंच पाएंगे या नहीं। दादी के निधन की खबर मिलते ही उनके पिता भगवान दीपके और मां अनीता हिंगोली के लिए निकल पड़े हैं। वहीं, परिवार के घर के आसपास पुलिस का भारी पहरा लगा दिया गया है।
Read More : दिल्ली में CJP प्रदर्शन के बीच केजरीवाल-ममता हिरासत में
दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में लिए गए अभिजीत दीपके
अभिजीत दीपके मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने के लिए दिल्ली पहुंचे थे। उन्होंने कथित चुनावी घोटाले के आरोपों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग करते हुए आंदोलन का ऐलान किया था। इसी सिलसिले में अभिजीत सुबह मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। हालांकि, दिल्ली पहुंचते ही पुलिस ने उन्हें एयरपोर्ट पर हिरासत में ले लिया। इसके बाद से वह दिल्ली पुलिस की हिरासत में हैं।
दादी के अंतिम संस्कार में शामिल हो पाएंगे अभिजीत?
सावित्रीबाई शंकर दीपके के निधन के बाद अब परिवार के सामने अभिजीत दीपके की घर वापसी का सवाल है। उनके परिजन इस मुश्किल समय में हिंगोली पहुंच रहे हैं, जबकि अभिजीत दिल्ली पुलिस की हिरासत में हैं। फिलहाल, उनकी रिहाई या पैतृक गांव लौटने को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि वह अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल हो पाएंगे या नहीं।




