भागलपुर : बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत भवानीपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर एक बालू लदा ट्रक सड़क किनारे बने कच्चे मकान पर पलट गया। हादसे में एक ही परिवार के सात से अधिक लोग घायल हो गए, जबकि दो बच्चों के ट्रक और बालू के नीचे दबे होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं।
Read More : सीतामढ़ी में पुलिस पर फायरिंग, मुठभेड़ में कुख्यात फेकन के पैर में लगी गोली
जानकारी के अनुसार, ट्रक भवानीपुर थाना के सामने खगड़िया की ओर से आ रहा था। इसी दौरान चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क किनारे स्थित कच्चे मकान पर पलट गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
सूचना मिलते ही भवानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत अभियान शुरू किया। हादसे में भिखारी मलिक के परिवार के कई सदस्य घायल हुए हैं। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नारायणपुर पहुंचाया गया। घायलों में इंदु देवी (40), नीरज कुमार (22), गुड्डू मलिक (28), कारे मलिक (14), ममता कुमारी (17), सपना कुमारी (12), मौसम कुमारी (20) और प्रीतम कुमार (7 माह) शामिल हैं। चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल इंदु देवी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।
Read More : राबड़ी देवी ने छोड़ा 10 सर्कुलर रोड का सरकारी बंगला, नए घर में हुए शिफ्ट
दो बच्चों की तलाश में राहत अभियान जारी
हादसे के बाद गुड्डू मलिक के दो बच्चों के ट्रक और बालू के नीचे दबे होने की आशंका जताई जा रही है। उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोग संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रहे हैं। घटना से नाराज ग्रामीणों ने नारायणपुर बस स्टैंड के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-31 को कुछ देर के लिए जाम कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर यातायात सामान्य कराने का प्रयास शुरू किया। फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
Read More : नालंदा में दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर, एक ट्रक दूसरे पर चढ़ा, दोनों चालक घायल




