रांची : विदेश में हादसे में अपनों को खोने वाले परिवार के दुख में झारखंड सरकार भी साथ खड़ी हुई है। वियतनाम में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले रांची के राजा कुमार वर्मा के घरवालों को सरकार की ओर से ₹5 लाख की मदद दी गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर ‘मुख्यमंत्री झारखंड अंतरराष्ट्रीय प्रवासी श्रमिक अनुदान योजना’ के तहत परिजनों को यह राशि दी गई। श्रम मंत्री और राज्यसभा सांसद ने राजा के घर पहुंचकर उनके परिजनों को सहायता राशि सौंपी। इस दौरान परिवार वालों को हरसंभव मदद का भरोसा भी दिलाया गया।
Read More : रूपी सोरेन की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल पहुंचे सीएम
वियतनाम में योग सिखाते थे राजा
रांची के कैलास नगर में रहने वाले राजा कुमार वर्मा वियतनाम में योग प्रशिक्षक के तौर पर काम करते थे। वहां सड़क हादसे में राजा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। राजा के निधन की खबर घर पहुंची तो परिवार के सामने सबसे बड़ी चिंता उनका पार्थिव शरीर रांची लाने की थी। परिवार ने सरकार से मदद मांगी। मामला सामने आते ही राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने काम शुरू किया। सरकार ने विदेश मंत्रालय और हनोई स्थित भारतीय दूतावास से लगातार संपर्क किया। जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद 5 अक्टूबर को राजा का पार्थिव शरीर रांची पहुंचा।
पहले पार्थिव शरीर हनोई से कोलकाता लाया गया। इसके बाद रांची जिला प्रशासन ने नि:शुल्क एंबुलेंस की व्यवस्था की और पार्थिव शरीर को उनके पैतृक आवास तक पहुंचाया। विदेश की धरती पर अपनों से दूर हुई मौत के बाद परिवार को राजा के अंतिम दर्शन और अंतिम विदाई का इंतजार था। सरकार की पहल से उनका पार्थिव शरीर घर पहुंचा। अब सरकार की ओर से मिली ₹5 लाख की मदद से परिवार को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।




