झारखंड: गुमला की 11 वर्षीय छात्रा आरोही खंडेलवाल ने अपनी कला प्रतिभा के दम पर कम उम्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। डीएवी पब्लिक स्कूल गुमला की कक्षा छह की छात्रा आरोही का नाम ‘बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ में दर्ज हुआ है। विद्यालय की वंदना सभा में उन्हें विश्व रिकॉर्ड का प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में मानद डॉक्टरेट
आरोही ने महज 11 वर्ष, 7 माह और 17 दिन की उम्र में कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में मानद डॉक्टरेट हासिल की. इसी उपलब्धि के आधार पर उन्हें दुनिया की सबसे कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल करने वाली बच्ची के रूप में रिकॉर्ड में स्थान मिला है।
प्रधानाचार्या ने प्रतिभा और लगन की सराहना की
सम्मान समारोह के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्या माधवी पांडेय ने आरोही की प्रतिभा और रचनात्मक सोच की सराहना की। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में कला और संस्कृति के क्षेत्र में इस स्तर की उपलब्धि हासिल करना उसकी मेहनत, निरंतर अभ्यास और लगन को दर्शाता है। आरोही की उपलब्धि से स्कूल के साथ गुमला जिले को भी नई पहचान मिली है।वहीं आरोही की इस सफलता को लेकर लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं।




