रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 का परिणाम जारी कर दिया है। आयोग की ओर से जारी परिणाम के अनुसार कुल 2,204 अभ्यर्थी प्रारंभिक परीक्षा में सफल घोषित किए गए हैं। यह परीक्षा 19 अप्रैल 2026 को आयोजित की गई थी।
Read More : हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में आदित्यपुर बंद, 40 से ज्यादा BJP कार्यकर्ता हिरासत में
झारखंड उच्च न्यायालय द्वारा प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम पर लगी रोक हटाए जाने के बाद आयोग ने न्यायालय के आदेश के आलोक में परिणाम प्रकाशित किया। आयोग ने स्पष्ट किया है कि परिणाम में किसी भी प्रकार की त्रुटि या टंकण संबंधी गलती सामने आने पर उसमें संशोधन करने का अधिकार सुरक्षित रहेगा।
18 से 20 जुलाई तक होगी मुख्य परीक्षा
आयोग ने मुख्य (लिखित) प्रतियोगिता परीक्षा की तिथि भी घोषित कर दी है। मुख्य परीक्षा 18, 19 और 20 जुलाई को आयोजित होगी। तीनों दिन परीक्षा दो-दो पालियों में संपन्न कराई जाएगी। 18 जुलाई को पहली पाली में प्रथम पत्र और दूसरी पाली में द्वितीय पत्र की परीक्षा होगी। 19 जुलाई को पहली पाली में तृतीय पत्र तथा दूसरी पाली में चतुर्थ पत्र आयोजित होगा। वहीं, 20 जुलाई को पहली पाली में पंचम पत्र और दूसरी पाली में षष्ठम पत्र की परीक्षा होगी।
Read More : हिमांशु सिंह मर्डर केस में पुलिस का बड़ा खुलासा, 2 गिरफ्तार, 3 नाबालिग हिरासत में, SIT की कार्रवाई जारी
आज से शुरू हुआ ऑनलाइन आवेदन
प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए मुख्य परीक्षा में शामिल होने हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो गई है। आवेदन की अंतिम तिथि 9 जुलाई शाम 5 बजे निर्धारित की गई है। आयोग ने विस्तृत दिशा-निर्देश अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए हैं।
आयोग के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन की डाउनलोड प्रति तथा आवेदन में दर्ज विवरण के अनुरूप आवश्यक प्रमाणपत्रों की स्पष्ट एवं स्व-अभिप्रमाणित छायाप्रति 14 जुलाई शाम 5 बजे तक आयोग कार्यालय में अनिवार्य रूप से जमा करनी होगी। अभ्यर्थी दस्तावेज स्पीड पोस्ट, निबंधित डाक या स्वयं उपस्थित होकर परीक्षा नियंत्रक, झारखंड लोक सेवा आयोग, सर्कुलर रोड, रांची-834001 के पते पर जमा कर सकते हैं।
Read More : संजय सेठ ने घर पर लगवाया रूफटॉप सोलर, बोले- पीएम सूर्य घर योजना का उठाएं लाभ




