रांची : राजधानी के राणी सती मंदिर लेन, रातू रोड स्थित दिव्यदेशम् श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर (तिरुपति बालाजी) मंदिर में कल यानी मंगलवार को इंदिरा एकादशी व्रतोत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर में पांचरात्र आगम विधि से विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन होगा। मंदिर की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इंदिरा एकादशी के अवसर पर श्रद्धा और नेम-निष्ठा के साथ प्रातः वंदन, तिरुवाराधनम्, महाआरती और नैवेद्य भोग कराया जाएगा। इसके बाद महास्तुति एवं तदियाराधन आदि धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।
Read More : JRSU का दूसरा दीक्षांत समारोह, 207 विद्यार्थियों को मिली उपाधि
इंदिरा एकादशी पर उमड़ते हैं श्रद्धालु
प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि प्रत्येक एकादशी के दिन मंदिर में दर्शनार्थियों की भारी भीड़ होती है। व्रतधारी महिलाएं और पुरुष भगवान श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचते हैं। श्रद्धालु भगवान की प्रसन्नता और अपनी-अपनी कामना के अनुसार अर्चना-वंदना करते हैं। इंदिरा एकादशी के अवसर पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने की संभावना है।
बड़े पापों के नाश की है शास्त्रीय मान्यता
मंदिर की ओर से बताया गया है कि शास्त्रीय मान्यता के अनुसार आश्विन मास की इंदिरा एकादशी के प्रभाव से बड़े-बड़े पापों का नाश हो जाता है। यह एकादशी नीच योनि में पड़े पितरों को भी सद्गति देने वाली मानी जाती है। इसी धार्मिक मान्यता के चलते इंदिरा एकादशी को श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण व्रत माना जाता है। इस दिन श्रद्धालु व्रत रखकर भगवान की पूजा-अर्चना और दर्शन करते हैं।




