दुमका : उप राजधानी दुमका में चोरों ने स्टेशनरी कारोबारी अशोक मोदी के घर हाथ साफ कर दिया। चोर घर से करीब 20 से 25 लाख रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गए। मामला नगर थाना क्षेत्र के सराय रोड का है। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और CCTV फुटेज खंगालकर चोरों की तलाश में जुट गई।
Read More : WHO रिपोर्ट में खुलासा, लंबी उम्र के मामले में पाकिस्तान से आगे है भारत, जानिए आंकड़े
कोलकाता गए थे व्यवसायी
मिली जानकारी के अनुसार सराय रोड निवासी अशोक मोदी अपने छोटे बेटे के पास कोलकाता गए थे। उनका कमरा बंद था, जबकि घर में बड़े बेटे समेत अन्य सदस्य मौजूद थे। सभी लोग अगल-बगल के कमरों में सो रहे थे। सुबह अशोक मोदी का बड़ा बेटा उठा और पिता के कमरे को खोलने की कोशिश की। दरवाजा नहीं खुला तो पहले लगा कि लॉक में कोई खराबी है। काफी प्रयास के बाद धक्का देकर दरवाजा खोला गया तो कमरे का सामान अस्त-व्यस्त मिला। चोरों ने कमरे में रखी तीन स्टील की अलमारियां तोड़ दी थीं। इनमें रखे जेवरात गायब थे। कमरे की खिड़की का ग्रि ल भी उखड़ा हुआ था। इससे आशंका है कि चोर खिड़की के रास्ते कमरे में दाखिल हुए।
20 से 25 लाख के जेवर चोरी
घर की बहू ने बताया कि अलमारी में पुश्तैनी जेवरात रखे हुए थे। चोरी हुए जेवरों की सही कीमत का अभी आकलन नहीं हो पाया है। हालांकि, अनुमान के मुताबिक चोर करीब 20 से 25 लाख रुपये के आभूषण ले गए हैं।
CCTV फुटेज से जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद दुमका सदर एसडीपीओ दिलीप खालको मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। एसडीपीओ ने बताया कि घरवालों से मिली जानकारी और CCTV फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि अभी तक परिवार की ओर से लिखित रूप से चोरी की कुल रकम की जानकारी नहीं दी गई है।





