रांची : असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को कानूनी सहायता और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), रांची की ओर से 60 दिवसीय मेगा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत आज यानी 1 अक्टूबर को महुआजारी पंचायत भवन में ग्रामीणों को नालसा की ‘असंगठित क्षेत्र के कानूनी सेवा योजना-2015’ की जानकारी दी गई। इस दौरान डोर-टू-डोर विधिक जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया गया। ग्रामीणों को योजना के तहत मिलने वाली कानूनी सहायता और उनके अधिकारों के बारे में बताया गया।
Read More : रांची DC की अध्यक्षता में बैठक, SIR प्रक्रिया के तहत दिए गए निर्देश
असंगठित मजदूरों को मुफ्त कानूनी सहायता की जानकारी
कार्यक्रम में सुमन ठाकुर ने बताया कि नालसा की ‘असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को कानूनी सेवाएं योजना, 2015’ असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को कानूनी सहायता देने और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए शुरू की गई है। पीएलवी भुप्रताप महतो ने बताया कि इस योजना के तहत असंगठित क्षेत्र के गरीब और शोषित श्रमिकों को अदालतों और न्यायाधिकरणों में मुफ्त कानूनी सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। पीएलवी कालिन्दर गोप, संजीत उरांव और सुमाती कुमारी ने ग्रामीणों को नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 की जानकारी भी दी।
घर-घर पहुंची डालसा की टीम
डालसा की टीम ने नवाटांड़ गांव में डोर-टू-डोर जागरूकता कार्यक्रम चलाया। टीम के सदस्यों ने ग्रामीणों के घर जाकर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित मामलों में मदद की जानकारी दी। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धा पेंशन योजना, पीएम किसान योजना, पशुपालन शेड योजना, राशन कार्ड, सिंचाई मशीन और लेबर कार्ड से संबंधित आवेदन भी लिए गए। कार्यक्रम से करीब 550 लोग जागरूक हुए और योजनाओं से लाभान्वित हुए।
मध्यस्थता और लोक अदालत की भी दी जानकारी
डालसा की कार्यरत बिनिता कुमारी और सुमाती कुमारी ने ग्रामीणों को मध्यस्थता, लोक अदालत और जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रांची की सेवाओं के बारे में जानकारी दी। पीएलवी संजीत उरांव और निलश्याम कुमार ने बताया कि प्रखंड और पंचायत स्तर पर पीएलवी मौजूद रहते हैं। ग्रामीण अपनी समस्याएं बताकर उनसे मदद ले सकते हैं।
उज्ज्वला योजना के तहत 112 चूल्हों का निबंधन
अभियान के दौरान उज्ज्वला योजना के तहत आनंद भारत गैस के 112 चूल्हों का निबंधन किया गया। इसके साथ ही लाभुकों के बीच गैस सिलेंडर का वितरण भी किया गया। यह 60 दिवसीय मेगा जागरूकता अभियान चरण-1 के तहत आयोजित किया जा रहा है। अभियान झारखंड हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति-सह-कार्यपालक अध्यक्ष, झालसा सुजीत नारायण प्रसाद के दिशा-निर्देश, सदस्य सचिव झालसा कुमारी रंजना अस्थाना और न्यायायुक्त-सह-अध्यक्ष डालसा, रांची अनिल कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में तथा डालसा सचिव के नेतृत्व में चलाया जा रहा है। कार्यक्रम में पीएलवी कालिन्दर गोप, संजीत उरांव, सुमाती कुमारी, निलश्याम कुमार कश्यप, बिनिता कुमारी, मंगल तिर्की, सुमन ठाकुर, सुनिता देवी, रेनु देवी, राजु वर्मा, राजेश कुमार सिन्हा, भुप्रताप महतो सहित महुआजारी गांव के ग्रामीण मौजूद रहे।





