जम्मू : अमरनाथ यात्रा 2026 की गुरुवार को औपचारिक शुरुआत हो गई हैं। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जम्मू स्थित भगवती नगर बेस कैंप से तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही बाबा बर्फानी के पवित्र धाम की वार्षिक यात्रा का शुभारंभ हो गया। यात्रा शुरू होने से पहले उपराज्यपाल ने विधिवत पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं की सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की कामना की।
Read More : EC ने तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव का किया ऐलान… जानें पूरा शेड्यूल
इस अवसर पर सांसद जुगल किशोर शर्मा, जम्मू-कश्मीर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा और भाजपा विधायक अरविंद गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। श्रद्धालुओं के उत्साह और धार्मिक आस्था के बीच पहले जत्थे को रवाना किया गया।
पूजा-अर्चना के बाद रवाना हुआ पहला जत्था
पहले जत्थे को रवाना करने से पहले उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए यात्रा को आध्यात्मिक अनुभव बताया। मनोज सिन्हा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “हर-हर महादेव। बाबा बर्फानी के पवित्र धाम की यात्रा का शुभारंभ हो चुका है। जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से श्री अमरनाथ यात्रा 2026 के श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।”
Read More : भारत-जापान शिखर सम्मेलन आज, PM मोदी और सनाए ताकाइची के बीच कई अहम मुद्दों पर होगी वार्ता
उन्होंने आगे कहा कि “अमरनाथ जी की यात्रा एक आध्यात्मिक जागृति है। इस पवित्र मार्ग पर उठाया गया हर कदम बाबा अमरनाथ के प्रति अटूट विश्वास और समर्पण का प्रतीक है। सभी श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित, मंगलमय और आध्यात्मिक आनंद से परिपूर्ण हो। भगवान शिव सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें।”
प्रशासन ने किए व्यापक इंतजाम
अमरनाथ यात्रा को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं। यात्रा मार्ग पर विभिन्न विभागों की टीमें तैनात हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। भाजपा सांसद जुगल किशोर शर्मा ने कहा कि इस वर्ष यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या पहले की तुलना में अधिक दिखाई दे रही है। उन्होंने बताया कि नगर निगम, पर्यटन विभाग, पुलिस और अन्य सरकारी एजेंसियों ने यात्रा को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए लगातार काम किया है।
Read More : पाकिस्तान में ऐतिहासिक गुरुद्वारा तोड़े जाने पर भारत भड़का, विदेश मंत्रालय ने की कड़ी निंदा
उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है और प्रशासन श्रद्धालुओं की हर जरूरत का ध्यान रख रहा है। उनका कहना था कि देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
श्रद्धालुओं से यात्रा में शामिल होने की अपील
जुगल किशोर शर्मा ने सभी श्रद्धालुओं से अमरनाथ यात्रा में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि बाबा बर्फानी के दर्शन का अवसर आस्था और आध्यात्मिक अनुभव से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु यात्रा के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से पूरी हो सके।
Read More : WhatsApp Username Feature की होगी जांच, ऑनलाइन फ्रॉड की आशंका पर केंद्र सरकार सतर्क
हर वर्ष आयोजित होने वाली श्री अमरनाथ यात्रा देश के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल है। यात्रा के दौरान हजारों श्रद्धालु भगवान शिव के पवित्र हिमलिंग के दर्शन के लिए जम्मू-कश्मीर पहुंचते हैं। इस वर्ष भी प्रशासन ने यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।




