रांची : भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल, खादगढ़ा, कांटाटोली में कल यानी 25 सितंबर 2026 से रांची नगर निगम विभागीय स्तर पर टोल और राजस्व की वसूली करेगा। इसके लिए राजस्व निरीक्षक, सैनिटरी सुपरवाइजर और परिसंपत्ति अधीक्षक की संयुक्त टीम गठित की गई है। राजस्व संग्रहण कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए अगले 15 दिनों का ड्यूटी रोस्टर भी निर्धारित किया गया है। इस संबंध में 24 सितंबर को अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में गठित टीम के सदस्यों के साथ बैठक हुई।
Read More : रांची नगर निगम की कार्रवाई तय, दुकानों के दावे पर कोई दावेदार नहीं पहुंचा
दो पालियों में होगी टोल वसूली
निर्धारित ड्यूटी रोस्टर के अनुसार पहली पाली सुबह 4 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 12 बजे से रात 8 बजे तक होगी। गठित टीम बस टर्मिनल के प्रवेश और निकास से आने-जाने वाले वाहनों से रांची नगर निगम द्वारा निर्धारित दर के अनुसार टोल या शुल्क की वसूली करेगी। शुल्क जमा करने के बाद संबंधित वाहन चालक को रांची नगर निगम की विधिवत रसीद दी जाएगी।
अधिकृत कर्मी ही करेंगे वसूली
अपर नगर आयुक्त संजय कुमार ने निर्देश दिया कि राजस्व संग्रहण में तैनात सभी कर्मी ड्यूटी के दौरान रांची नगर निगम की ओर से जारी अधिकृत पहचान-पत्र अनिवार्य रूप से धारण करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि टोल और शुल्क वसूली का कार्य केवल नगर निगम के अधिकृत कर्मियों द्वारा किया जाएगा। इस काम में किसी बाहरी या निजी व्यक्ति को शामिल नहीं किया जाएगा।
पारदर्शिता पर जोर
अपर नगर आयुक्त ने राजस्व संग्रहण कार्य में पूरी पारदर्शिता और निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्य में किसी भी तरह की शिथिलता या लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। बैठक में नगर प्रबंधक, सैनिटरी सुपरवाइजर, राजस्व निरीक्षक, परिसंपत्ति अधीक्षक सहित संबंधित पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।




