रांची : एदारा-ए-शरिया के सरपरस्त मो. सईद के मेन रोड स्थित मधुबन मार्केट आवास पर बुधवार को उर्स-ए-सैयदना गौस-ए-आजम अकीदत और एहतराम के साथ मनाया गया। इस मौके पर आयोजित रूहानी महफिल में बड़ी संख्या में उलमा-ए-कराम, सामाजिक व धार्मिक संगठनों से जुड़े लोग और अकीदतमंद शामिल हुए। आए हुए लोगों का स्वागत मो. तौहीद और मो. महजूद ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत इस्लामी मरकज के छात्रों की ओर से तिलावत-ए-कलाम पाक से हुई। इसके बाद उलमा-ए-कराम ने हजरत सैयदना गौस-ए-आजम की हयात-ए-तय्यबा, उनकी तालीमात और दीन-ए-इस्लाम के लिए उनकी खिदमात पर रोशनी डाली।
Read More : रांची में DSPMU का तीसरा दीक्षांत समारोह, 6415 छात्रों को मिली डिग्री
नात-ओ-मनकबत से रूहानी हुआ माहौल
महफिल के दौरान नात-ओ-मनकबत भी पेश किए गए। इससे कार्यक्रम का माहौल रूहानी हो गया। इस दौरान मुल्क में अमन-ओ-आमान, भाईचारे, खुशहाली और तरक्की के लिए खास दुआ की गई। इसके बाद फातेहा-ख्वानी हुई और लंगर का भी विशेष इंतजाम किया गया।
बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
कार्यक्रम में इदारा-ए-शरिया के सरपरस्त मो. सईद, नाजिम-ए-आला मौलाना कुतुबुद्दीन रिजवी, कारी अयूब रिजवी, डॉ. मौलाना ताजुद्दीन रिजवी, मौलाना कलीम, हाफिज जावेद और सुन्नी बरेलवी सेंट्रल कमेटी के महासचिव अकीलुर्रहमान मौजूद रहे। इसके अलावा प्रवक्ता मो. इस्लाम, उपाध्यक्ष आफताब आलम, ऑल इंडिया अंजुमन इदरिसिया के उपाध्यक्ष मो. तौहीद, प्रमुख खलीफा मो. महजूद, मौलाना शौकत, इस्लामी मरकज के प्रिंसिपल मौलाना निजामुद्दीन रिजवी, मुफ्ती एजाज हसन मिसबाही, मंसूर चिश्ती, मौलाना तौसीफ, मौलाना नसीम, सादाब मंजर, मौलाना शमीम, खालिद उमर, नौशाद कादरी, सज्जाद इदरीसी, मनवर हुसैन भुट्टो, मो. माजिद सलमान और मो. कलीम समेत सैकड़ों लोग शामिल हुए। रूहानी महफिल के समापन पर देश और प्रदेश में अमन, शांति, भाईचारे और खुशहाली के लिए दुआ की गई।




