रांची : जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA), रांची की ओर से बुधवार को महुआजारी पंचायत भवन और बांसजाड़ी गांव में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को नालसा की ‘बच्चों के लिए बाल अनुकूल कानूनी सेवा योजना-2024’ समेत विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। अभियान के दौरान करीब 350 लोग जागरूक हुए और योजनाओं से जुड़े। यह कार्यक्रम झालसा के न्यायमूर्ति-सह-कार्यपालक अध्यक्ष सुजीत नारायण प्रसाद के दिशा-निर्देश, सदस्य सचिव रंजना अस्थाना और रांची डालसा के न्यायायुक्त-सह-अध्यक्ष अनिल कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में चल रहे 60 दिवसीय मेगा जागरूकता अभियान (चरण-1) के तहत आयोजित किया गया।
Read more : बैंक हड़ताल से पहले वित्त मंत्रालय का बड़ा फैसला, रविवार को खुले रहेंगे सभी सरकारी बैंक
18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को मुफ्त कानूनी सहायता
कार्यक्रम में पीएलवी सुमन ठाकुर ने ग्रामीणों को बताया कि बाल अनुकूल कानूनी सेवा योजना-2024 का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित, संवेदनशील और मुफ्त न्याय उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से कम उम्र के किसी भी बच्चे को कानूनी मामला दर्ज कराने या अपना बचाव करने के लिए वकील, कानूनी परामर्श और अदालती प्रक्रिया का खर्च विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध कराया जाता है। ग्रामीणों को नालसा के टोल-फ्री नंबर 15100 की जानकारी भी दी गई। कालिन्दर गोप ने बताया कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रत्येक जिले में समर्पित बाल कानूनी सेवा इकाई (LSU) की व्यवस्था की गई है। इसमें DLSA के सचिव, कानूनी सलाहकार, पैनल अधिवक्ता और पैरा-लीगल वॉलंटियर्स (PLV) शामिल हैं।
POCSO, बाल विवाह और बाल श्रम मामलों की जानकारी
पूनम देवी ने बताया कि बच्चों से जुड़े संवेदनशील मामलों, जैसे POCSO, बाल विवाह, बाल श्रम और दत्तक ग्रहण आदि के निपटारे के लिए वकीलों और स्वयंसेवकों को ट्रॉमा-इन्फॉर्म्ड और बाल-केंद्रित प्रशिक्षण दिया गया है। पुष्पलता देवी और सुजिता देवी ने बताया कि दिव्यांगता से प्रभावित बच्चों को उनकी भाषा और समझ के अनुसार उनके अधिकारों तथा अदालती प्रक्रियाओं की जानकारी देने के लिए विशेष सहायता प्रणाली विकसित की गई है। बेबी देवी, पम्मी देवी और तालिब अंसारी ने बताया कि विधिक सहायता क्लीनिक, पुलिस थानों, बाल कल्याण समितियों (CWC) और किशोर न्याय बोर्ड (JJB) के माध्यम से बच्चों को कानूनी सुरक्षा के साथ शिक्षा, मानसिक स्वास्थ्य काउंसलिंग और पुनर्वास सेवाओं से भी जोड़ा जा रहा है।
घर-घर पहुंची DLSA टीम, लिए गए योजनाओं के आवेदन
बांसजाड़ी गांव में DLSA टीम ने घर-घर जाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक जानकारी दी। मौके पर प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धा पेंशन, पीएम किसान, पशुपालन शेड, राशन कार्ड, सिंचाई मशीन और लेबर कार्ड से संबंधित आवेदन भी लिए गए। डालसा के कालिन्दर गोप और सोनु कुमार साहू ने ग्रामीणों को स्थायी लोक अदालत और बच्चों के लिए बाल अनुकूल कानूनी सेवा योजना-2024 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में पीएलवी सुमन ठाकुर, कालिन्दर गोप, पूनम देवी, फुलमनी देवी, पुष्पलता देवी, सुजिता देवी, बेबी देवी, पम्मी देवी, तालिब अंसारी समेत बांसजाड़ी गांव के ग्रामीण मौजूद रहे।




