नई दिल्ली : 28 से 30 सितंबर तक बुलाई गई देशव्यापी बैंक हड़ताल को ध्यान में रखते हुए वित्त मंत्रालय ने आम लोगों की सुविधा के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। वित्त मंत्रालय ने बुधवार को जारी एक प्रेस रिलीज में बताया कि रविवार, 27 सितंबर को सभी सरकारी बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक खुले रहेंगे। मंत्रालय के मुताबिक, इस रविवार को सभी सरकारी और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों में आम दिनों की तरह ही सामान्य रूप से कामकाज जारी रहेगा।
Read More : SIR विवाद पर BJP का चुनाव आयोग का बचाव, संबित पात्रा ने कही ये बात
लगातार पांच दिनों तक प्रभावित होने वाला था कामकाज
मालूम हो कि बैंक कर्मचारियों की यूनियन ‘यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स’ (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर, 2026 तक तीन दिनों की देशव्यापी बैंक हड़ताल बुलाई है। यह हड़ताल 26 और 27 सितंबर को शनिवार और रविवार की साप्ताहिक छुट्टियों के ठीक बाद हो रही है। इस प्रकार बैंकों का कामकाज लगातार पांच दिनों तक प्रभावित होने की संभावना थी, जिसका सीधा और नकारात्मक असर आम ग्राहकों पर पड़ना तय था। ऐसे में सरकार ने आम ग्राहकों की बैंकिंग जरूरतों को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए यह कदम उठाया है।
RBI ने दी सभी बैंक शाखाएं खुली रखने की मंजूरी
यह सुनिश्चित करने के लिए कि आम लोगों की बैंकिंग सेवाएं लंबे समय तक बाधित न हों, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने भी 27 सितंबर को सभी बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम-लिंक्ड शाखाओं और करेंसी चेस्ट को पूरी तरह से चालू रखने की मंजूरी दे दी है।
ग्राहकों की सुविधा सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता
वित्त मंत्रालय ने अपनी प्रेस रिलीज में स्पष्ट किया है कि बैंक ग्राहकों की भलाई और सुविधा सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। सरकार और बैंक प्रबंधन ने यूनियनों से अपनी प्रस्तावित हड़ताल को टालने की अपील भी की है, साथ ही यह सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव कदम उठाए हैं कि जरूरी बैंकिंग सेवाएं बिना किसी रुकावट के लगातार मिलती रहें। गौरतलब है कि बैंक यूनियन द्वारा तीन दिनों की हड़ताल के ऐलान के बाद भारतीय स्टेट बैंक (SBI) और पंजाब नेशनल बैंक (PNB) सहित कई प्रमुख बैंकों ने अपने ग्राहकों के लिए पहले ही सूचना जारी कर दी थी। एसबीआई ने अपने ग्राहकों को सलाह दी थी कि वे हड़ताल की इन तारीखों को ध्यान में रखते हुए अपने बैंक से जुड़े जरूरी और जरूरी काम समय रहते पूरे कर लें।




