रांची: बीजेपी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए विनोद तावड़े को प्रदेश प्रभारी बनाया है। उनके सहयोग के लिए चार नेताओं को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। इनमें झारखंड के राज्यसभा सदस्य डॉ. प्रदीप वर्मा और पूर्व विधायक अनंत ओझा भी शामिल हैं। इनके अलावा जगदीश पटेल और मेधा कुलकर्णी को भी यूपी का सह-प्रभारी बनाया गया है।
उत्तर प्रदेश में 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में भाजपा की ओर से की गई इन नियुक्तियों को चुनावी तैयारियों और संगठन को मजबूत करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी ने चुनाव से पहले संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं और प्रभारी विनोद तावड़े लगातार प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बैठकें कर रहे हैं।
also read : झारखंड में रूबेला का दूसरा मामला, सिमडेगा में 24 घंटे में दो बच्चियां संक्रमित, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
विनोद तावड़े को सहयोग करने के लिए नियुक्त झारखंड के दोनों नेताओं में अनंत ओझा को संगठन का लंबा अनुभव है। वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जरिए भाजपा में आए हैं। राजमहल विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रह चुके ओझा को पश्चिम बंगाल और बिहार विधानसभा चुनावों में भी संगठन की जिम्मेदारी दी गई थी।
प्रदीप वर्मा झारखंड से राज्यसभा सदस्य हैं। उन्हें भी संगठन में काम करने का लंबा अनुभव है। वह भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री भी हैं। यूपी जैसे बड़े राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले उन्हें सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दिए जाने को पार्टी के संगठनात्मक प्रबंधन में झारखंड के नेताओं की भूमिका बढ़ने के रूप में देखा जा रहा है।




