जमशेदपुर : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 34 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर अपनी मां की हत्या कर दी और फिर शव को घर के एक कमरे में छोड़कर कई दिनों तक उसी घर में रहता रहा। जब बेटी घर पहुंची तब जाकर इस भयानक मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का कुंदा भी बरामद कर लिया है।
Read More : BHIM ऐप पर AI सहायक ‘MyUPI’ शुरू, मिलेंगी कई सुविधाएं
लकड़ी के कुंदे से सिर पर किया वार
घटना जिले के घाटशिला थाना क्षेत्र अंतर्गत काशिदा न्यू कॉलोनी की है। मृतका की पहचान 55 वर्षीय उमा गोस्वामी के रूप में हुई है, जो घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में फोर्थ ग्रेड की स्टाफ थीं। वह अपने पुत्र गोवर्धन गोस्वामी के साथ काशिदा स्थित इसी घर में रहती थीं। बताया जाता है कि गोवर्धन का स्वभाव काफी गुस्सैल था और वह अक्सर अपनी मां के साथ विवाद करता था। मिली जानकारी के अनुसार 19 सितंबर की सुबह घर में मां-बेटे के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में आकर गोवर्धन ने लकड़ी के कुंदे से अपनी मां के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने शव को कमरे में छोड़ा और कमरे को बाहर से बंद कर दिया।
दुर्गंध से खुला खौफनाक मर्डर का राज
इस घटना का खुलासा तब हुआ जब 19 से 21 सितंबर के बीच पड़ोसियों को घर से कोई गतिविधि नजर नहीं आई। संदेह होने पर उन्होंने मृतका की बड़ी बेटी को सूचना दी। 21 सितंबर की रात बेटी और अन्य परिजन जब घर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद दरवाजा खुलवाया, तो अंदर से तेज दुर्गंध आ रही थी। एक कमरे में उमा गोस्वामी का शव सड़ी-गली अवस्था में पड़ा मिला।
तीन दिन तक लाश के साथ रहा आरोपी बेटा
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई कि मृतका का छोटा बेटा गोवर्धन उसके साथ ही रहता था, जबकि बड़ा बेटा गिरधारी दुमका गांव में रहता है। गोवर्धन अपनी मां की लाश के साथ तीन दिन तक घर में ही रहा और इस दौरान वह काफी सामान्य तरीके से घर से बाहर आता-जाता रहा। मृतका की बेटी प्रमिला सिंह की शिकायत पर घाटशिला थाना में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का कुंदा भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर प्रेम कुमार निषाद कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




