रांची : अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मंदिर में श्री श्याम मंडल, रांची के 59वें श्री श्याम महोत्सव के तीसरे दिन शनिवार को मुख्य समारोह आयोजित किया गया। रात 9 बजे शुरू हुए कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और रातभर भजनों एवं संकीर्तन में शामिल हुए। महोत्सव के लिए पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रजत सिंहासन पर विराजमान श्री श्याम प्रभु का देश-विदेश से मंगाए गए गुलाब, ऑर्किड, जिप्सी और जरबेरा फूलों से दिव्य श्रृंगार किया गया। मंदिर में विराजमान शिव परिवार और वीर बजरंगबली का भी विशेष श्रृंगार किया गया।
Read More : रांची के श्री श्याम मंदिर में 217वां भंडारा संपन्न, उमड़े भक्त
गणेश पूजन के बाद शुरू हुआ संकीर्तन
रात 9 बजे मंडल के संरक्षक ओम प्रकाश जोशी ने गणेश पूजन किया। इसके बाद मंडल के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश बागला ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। इस अवसर पर मंडल की ओर से प्रकाशित भजन पुस्तिका ‘प्रेम पुष्प’ का विमोचन पुलिस अधीक्षक, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, सुमित अग्रवाल ने किया। रात 10 बजे मंडल अध्यक्ष चंद्र प्रकाश बागला ने श्री श्याम प्रभु की अष्ट प्रहर की अखंड ज्योत प्रज्वलित की। ज्योत प्रज्वलित होते ही श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए। इसके बाद मंडल के सदस्यों ने गणेश वंदना के साथ संगीतमय संकीर्तन शुरू किया।
निहारिका पुरोहित के भजनों पर झूमे श्रद्धालु
नागपुर से आईं प्रसिद्ध भजन गायिका निहारिका पुरोहित ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरा मंदिर परिसर श्याममय हो गया। निहारिका पुरोहित ने ‘कीर्तन की है रात बाबा आज थाणे आनों है’, ‘जद जद भी आवे एकादशी’, ‘थारे द्वारे आवाँ म्हे तो सभी’, ‘अर्जी तो बहुत तेरे दरबार पड़ी होगी’ और ‘मत घबरा मन बावरे श्याम तेरा रखवाला’ समेत कई भजन प्रस्तुत किए। दिल्ली से आए सूरज शर्मा, धनबाद से पहुंचे मनोज सैन और श्री श्याम मंडल (केशव राम कॉटन मिल), कोलकाता ने भी भजनों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के दौरान पूरी रात भक्ति संगीत का सिलसिला जारी रहा।
छप्पन भोग और केसरिया दूध का लगाया भोग
इस अवसर पर श्री श्याम प्रभु को विशेष रूप से तैयार खीर-चूरमा, छप्पन भोग, विभिन्न प्रकार के फल-मेवा, रबड़ी और केसरिया दूध का भोग अर्पित किया गया। पूरी रात मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। भक्तों के बीच लगातार प्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम का श्री श्याम मंडल, रांची के यूट्यूब चैनल पर सीधा प्रसारण भी किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मंडल के मनोज सिंघानिया, गोपी किशन ढांढनिया, प्रमोद बगड़िया, राकेश सारस्वत, गोविंद सारस्वत, कौशल अग्रवाल, बालकिशन परसरामपुरिया, अशोक धानुका, गौरव शर्मा, ज्ञान प्रकाश बागला और प्रदीप अग्रवाल का सहयोग रहा।
20 सितंबर को होंगे ये कार्यक्रम
श्री श्याम महोत्सव के तहत कल यानी रविवार को सुबह 7 बजे से सुंदरकांड का पाठ होगा। इसके बाद सवामणि भोग और पूरे दिन प्रसाद वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम में शिव भक्त मंडल रांची, श्री हनुमान मंडल रांची, श्री श्याम मंडल गुमला और इंदौर से विशेष रूप से आए प्रसिद्ध भजन गायक श्री शिवम रावल भजनों की प्रस्तुति देंगे। यह जानकारी श्री श्याम मंडल, श्री श्याम मंदिर, अग्रसेन पथ, रांची के मीडिया प्रभारी सुमित पोद्दार ने दी।




