मुंबई : हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम, गुजराती और नागामीज समेत 33 फिल्मों को पछाड़कर मराठी साइकोलॉजिकल थ्रिलर ‘गोंधळ’ (Gondhal) ऑस्कर 2027 के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि बन गई है। शुक्रवार को फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया (FFI) ने संतोष डावखर के निर्देशन में बनी इस फिल्म को ‘बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म’ श्रेणी के लिए चुना है। यह ऑस्कर की दौड़ में शामिल होने वाली चौथी मराठी फिल्म बन गई है। इससे पहले 2005 में ‘श्वास’, 2009 में ‘हरिश्चंद्राची फैक्ट्री’ और 2015 में ‘कोर्ट’ को भारत की ओर से भेजा जा चुका है। 11 साल के लंबे इंतजार के बाद किसी मराठी फिल्म ने यह मुकाम हासिल किया है।
Read More : टाटानगर-आदित्यपुर से चलने वाली 15 ट्रेनें रद्द, देखें पूरी लिस्ट
क्या है ‘गोंधळ’ की कहानी?
‘गोंधळ’ की कहानी महाराष्ट्र की प्राचीन लोक परंपरा ‘गोंधल’ की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसमें रात भर पूजा, संगीत और नृत्य के जरिए देवी-देवताओं का आह्वान किया जाता है। फिल्म की कहानी एक नवविवाहित जोड़े और पूजा की उस एक रात के इर्द-गिर्द घूमती है, जो धीरे-धीरे भयानक सस्पेंस और तनाव में बदल जाती है। कहानी की मुख्य पात्र सुमन नाम की एक नई दुल्हन है, जो अपनी शादी से घुटन महसूस कर रही है। वह अपने प्रेमी सर्जेराव के पागलपन का इस्तेमाल गोंधल की रस्म के दौरान करती है, जिससे एक पवित्र धार्मिक परंपरा देखते ही देखते जानलेवा खेल का रूप ले लेती है।
स्टार कास्ट और निर्देशन
इस फिल्म को संतोष डावखर ने लिखा और निर्देशित किया है। बतौर फीचर फिल्म निर्देशक यह उनका डेब्यू है। फिल्म में ईशिता देशमुख, किशोर कदम, योगेश सोहोनी, सुरेश विश्वकर्मा, निशाद भोईर और अनुज प्रभु जैसे कलाकारों ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। संतोष डावखर को IFFI 2025 में सिल्वर पीकॉक सम्मान से भी नवाजा जा चुका है।
बॉक्स ऑफिस कलेक्शन और IMDb रेटिंग
14 नवंबर 2025 को रिलीज हुई यह फिल्म बेहद कम बजट और सीमित स्क्रीन्स पर सिनेमाघरों में उतरी थी। Sacnilk के अनुसार, फिल्म ने भारत में लगभग ₹84 लाख नेट और ₹90 लाख का ग्रॉस कलेक्शन किया था। हालांकि, IMDb पर 4.2 हजार से अधिक यूजर्स ने इसे 10 में से 8.9 की रेटिंग दी है।









