दुमका : सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय (SKMU) के मुख्य गेट के पास विभिन्न मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के दो सदस्यों की भूख हड़ताल शुक्रवार को चौथे दिन भी जारी रही। इस दौरान दोनों छात्रों की तबीयत बिगड़ गई। जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल टीम को मौके पर भेजा।
Read More : Tata Sons में बड़ा विवाद, चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति पर टकराव
डॉक्टर ने की दोनों छात्रों की जांच
दुमका सदर प्रखंड के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मकसूद आलम ने भूख हड़ताल पर बैठे छात्र सूरज कुमार और हिमांशु कुमार के स्वास्थ्य की जांच की। डॉक्टर के अनुसार दोनों की स्थिति अच्छी नहीं है और उनका ब्लड प्रेशर व ग्लूकोज लेवल लगातार कम हो रहा है। भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों के समर्थन में कई अन्य छात्र भी धरना स्थल पर मौजूद हैं। छात्र मनीष कुमार ने कहा कि अब तक SKMU या प्रशासन का कोई अधिकारी उनकी सुध लेने नहीं पहुंचा है। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगें जायज हैं।
परीक्षा विभाग में अनियमितता की जांच की मांग
छात्रों की प्रमुख मांग विश्वविद्यालय की प्रभारी परीक्षा नियंत्रक रीना नीलिमा लकड़ा को हटाने की है। छात्रों का आरोप है कि परीक्षा संचालन, परिणाम प्रकाशन, प्रमाण पत्र जारी करने, परीक्षा केंद्र निर्धारण और पुनर्मूल्यांकन से जुड़े कार्यों में अनियमितता बरती जा रही है। छात्रों ने इन मामलों की जांच स्वतंत्र उच्चस्तरीय कमेटी या सक्षम अधिकारी से कराने और जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है। इसके अलावा रिजल्ट प्रकाशन और सर्टिफिकेट प्रिंटिंग का काम करने वाली एनसीसीएफ एजेंसी को हटाने की मांग भी शामिल है।
हॉस्टल से लेकर LLB की पढ़ाई शुरू कराने की मांग
छात्रों ने विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए शिकायत समाधान केंद्र बनाने की मांग की है। विश्वविद्यालय और उसके अंतर्गत आने वाले महाविद्यालयों में जनरल और ओबीसी वर्ग के छात्रों के लिए छात्रावास का निर्माण जल्द कराने की भी मांग रखी गई है। वर्तमान छात्रावासों में स्वच्छ पेयजल, बिजली, शौचालय, भोजन और सुरक्षा समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई है। इसके साथ ही विश्वविद्यालय के पुस्तकालय भवन का काम जल्द पूरा कराने और नवनिर्मित भवन को विद्यार्थियों के उपयोग में लाने से पहले उसकी तकनीकी गुणवत्ता व निर्माण कार्य की जांच कराने की मांग की गई है। छात्रों ने पढ़ाई और परीक्षा प्रक्रिया निर्धारित समय-सारणी के अनुसार कराने तथा विश्वविद्यालय में एलएलबी की पढ़ाई शुरू कराने की मांग भी रखी है।




