अमृतसर : पंजाब के अमृतसर में बीती देर रात ड्यूटी पर तैनात पंजाब पुलिस के एक सहायक उप-निरीक्षक (ASI) की गोली मारकर हत्या कर दी गई. थाना गेट हकीमां में तैनात एएसआई हरजीत सिंह रात करीब 2:30 बजे दाना मंडी के पास मोटरसाइकिल पर गश्त कर रहे थे. इसी दौरान कुछ अज्ञात हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं.
Read More : हजारीबाग की दनुआ घाटी में भीषण हादसा, एक की मौत, 3 घायल
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
फायरिंग की इस घटना में एएसआई हरजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तुरंत अमृतसर के पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और संबंधित थाने की टीम मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी. एएसआई हरजीत सिंह की शहादत के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उनके परिवार के लिए एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है. इसके अलावा एचडीएफसी (HDFC) बैंक की ओर से भी परिवार को एक करोड़ रुपये का अतिरिक्त बीमा भुगतान किया जाएगा. डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि शहीद अधिकारी को पूरे पुलिस सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी.
कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल, सांसद मनीष तिवारी ने जताया दुख
एएसआई की हत्या पर कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है, जहां एक पुलिसकर्मी को गोलियों से छलनी कर दिया गया. उन्होंने कहा कि सीमावर्ती राज्य होने के नाते पंजाब की कानून-व्यवस्था पर यह बड़ा प्रश्नचिह्न है और केंद्र व राज्य सरकार को मिलकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत है. घटना के बाद पुलिस ने आसपास के पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया है. हमलावरों की पहचान करने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है और पुलिस अज्ञात अपराधियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है.




