रांची: फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज की 62वीं वार्षिक आमसभा अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा की अध्यक्षता में चैंबर भवन में 156 सदस्यों की उपस्थिति में संपन्न हुई जिसमें साहेबगंज, गोड्डा, जामताडा, मधुपुर, रामगढ, पाकुड, बोकारो, गुमला, महगामा चेंबर ऑफ कॉमर्स, सम्बद्ध संस्था के पदाधिकारियों के साथ-साथ जिले के व्यवसायी-उद्यमी एवं प्रोफेशनल्स उपस्थित थे। इस अवसर पर महासचिव रोहित अग्रवाल ने चेंबर के इस सत्र की वार्षिक गतिविधियों को सभा के समक्ष प्रस्तुत किया, जिसे सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।
कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने फेडरेशन चैंबर के सत्र 2025-26 के बैलेंस शीट और आय-व्यय की रिपोर्ट को प्रस्तुत किया जिसे सभा में उपस्थित सदस्यों ने ध्वनिमत से पारित किया। आमसभा द्वारा सर्वसम्मति से चैंबर के ऑडिटर की नियुक्ति की गई। इस दौरान मेसर्स जेएन अग्रवाल एंड कंपनी को पुनः एक वर्ष के लिए चैंबर का ऑडिटर नियुक्त किया गया।
चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 2026 फेडरेशन के इतिहास में महत्वपूर्ण उपलब्धियों वाला वर्ष रहा। पहली बार फेडरेशन को झारखण्ड सरकार के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम, दावोस में सहभागिता का अवसर मिला, जहां झारखण्ड की औद्योगिक क्षमता एवं निवेश संभावनाओं को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया गया। फेडरेशन के निरंतर प्रयासों से अनाधिकृत भवनों के नियमितीकरण की योजना, पंडरा कृषि मंडी को मतगणना से मुक्त रखने, कृषि मंडियों एवं औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं, बैंकिंग सुविधाओं तथा व्यापारिक सुरक्षा जैसे विषयों पर महत्वपूर्ण पहल हुई। निवेश एवं व्यापार को बढ़ावा देने के लिए 114 देशों के दूतावासों से संपर्क, विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ एमओयू तथा सिंगापुर-जापान के बिजनेस डेलीगेशन से जुड़े अवसर भी फेडरेशन के प्रयासों का हिस्सा रहे।
राज्य में आईटी पार्क और निफ्ट की स्थापना की दिशा में भी फेडरेशन के लगातार प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। उन्होंने यह भी कहा कि हमारा लक्ष्य झारखण्ड को निवेश, उद्योग, रोजगार और नई तकनीक के लिए देश का प्रमुख गंतव्य बनाना है। उन्होंने अपने अध्यक्षीय कार्यकाल में मिले सहयोग के लिए प्रदेश के व्यापार एवं उद्योग जगत के साथ ही राज्य सरकार, जिला प्रशासन और मीडिया के प्रति वर्ष भर सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने अपने स्व. पिता सुदर्शन कुमार मल्होत्रा को स्मरण करते हुए, अपनी माता, भाई, पत्नी एवं परिवार के प्रति भी विशेष आभार जताया।
यह भी कहा कि फेडरेशन का हित मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता रही है और आगे भी रहेगी। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक से फेडरेशन के साथ सक्रिय रूप से जुड़कर संगठन की विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन करना मेरे जीवन की महत्वपूर्ण यात्रा रही है। इस लंबे सफर में फेडरेशन के साथ काम करते हुए अनेक चुनौतियों का सामना किया, अनेक उपलब्धियों का हिस्सा बना और सबसे महत्वपूर्ण, असंख्य साथियों का स्नेह, विश्वास और आत्मीयता प्राप्त की।
सभा में उपस्थित सदस्यों ने खड़े होकर ध्वनिमत से चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा के अध्यक्षीय कार्यकाल की प्रशंसा करते हुए उनका अभिवादन किया और इस सत्र के दौरान चैंबर के द्वारा संपन्न कार्यों की सराहना की।
चुनाव पदाधिकारी अंचल किंगर और पवन शर्मा ने चुनावी प्रक्रियाओं से अवगत कराते हुए सभी सदस्यों से सौहार्दपूर्ण वातावरण में चुनाव संपन्न कराने में सहयोग की अपील की। यह भी कहा कि मारवाड़ी भवन, हरमू रोड, में रविवार को सुबह 9 बजे शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतदान के उपरांत मतों की गिनती और परिणाम की घोषणा की जायेगी। साथ ही उन्होंने तीन प्रमंडलों के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष के निर्विरोध चयन की भी घोषणा की जिनमें अमरजीत सिंह सलूजा (कोयलांचल), विजय आनंद मूंका (कोल्हान), विनय कुमार अग्रवाल (नार्थ छोटानागपुर) शामिल हैं। यह भी कहा कि रविवार को 21 कार्यकारिणी सदस्यों के साथ तीन प्रमंडल पलामू, साउथ छोटानागपुर और संताल परगना प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष का चुनाव भी होगा।
चुनाव समिति के को चेयरमैन पवन शर्मा ने सभी सदस्यों से शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव को संपन्न करने में सहयोग की अपील की। यह भी आग्रह किया कि शहर का यातायात प्रभावित न हो इसलिए अधिक से अधिक पैदल, साइकिल या पब्लिक ट्रांसपोर्ट से मतदान स्थल पर आये।
आमसभा में ये रहे उपस्थित
चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, सह सचिव रोहित पोद्दार, अनिल अग्रवाल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल, रमेश कुमार, पूर्व अध्यक्ष आर के सरावगी, ललित केडिया, गिरीश मल्होत्रा, अर्जुन जालान, अरुण बुधिया, मनोज नरेड़ी, अंचल किंगर, रंजीत टिबड़ेवाल, रतन मोदी, पवन शर्मा, विनय अग्रवाल, रंजीत गाड़ोदिया, दीपक मारु, कुणाल अजमानी, प्रवीण जैन छाबड़ा, किशोर मंत्री, परेश गट्टानी, पूर्व सचिव आर के चौधरी, चैम्बर के ऑडिटर सुमित अग्रवाल, साकेत मोदी के अलावा कई सदस्य उपस्थित थे।
–





