मुंबई : अपनी बेखौफ बल्लेबाजी और बेबाक अंदाज के लिए मशहूर पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग अब मनोरंजन की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं। सहवाग चर्चित रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ (Rise and Fall Season 2) को होस्ट करेंगे। इसके साथ ही वे स्ट्रीमिंग की दुनिया में बतौर होस्ट अपना डेब्यू कर रहे हैं। मेकर्स ने गुरुवार को इस शो का पहला प्रोमो जारी किया, जिसमें सहवाग एक अलग अंदाज में नजर आ रहे हैं।
Read More : मोदी ने पुतिन को भेंट किया तिरुक्कुरल का रूसी अनुवाद, 45 मिनट चली बैठक
15 सेलिब्रिटी कंटेस्टेंट्स और पावर गेम का रोमांच
‘राइज एंड फॉल’ का पूरा खेल सत्ता, पैसे और बदलते समीकरणों के इर्द-गिर्द घूमता है। इस सीजन में कुल 15 सेलिब्रिटी कंटेस्टेंट्स हिस्सा लेंगे। इन सभी खिलाड़ियों को दो अलग-अलग वर्गों ‘रूलर्स’ (Rulers) और ‘वर्कर्स’ (Workers) में विभाजित किया जाएगा। इस शो का सबसे दिलचस्प पहलू इसके दो अलग-अलग वर्ग हैं। ‘रूलर्स’ वर्ग के सदस्यों को लग्जरी पेंटहाउस में रहने की सुविधा मिलेगी, जबकि ‘वर्कर्स’ को बेसमेंट में रहना होगा। हालांकि, किसी भी खिलाड़ी की स्थिति स्थाई नहीं होगी। कंटेस्टेंट्स अपनी रणनीति, फैसलों और आपसी गठजोड़ के बल पर बेसमेंट से पेंटहाउस तक का सफर तय कर सकते हैं। यानी पावर का यह खेल हर पल बदलता रहेगा।
ब्रिटिश फॉर्मेट पर आधारित है शो, जल्द होगा प्रीमियर
इस शो के मूल फॉर्मेट को ब्रिटेन की प्रसिद्ध प्रोडक्शन कंपनी ‘स्टूडियो लैम्बर्ट’ (Studio Lambert) ने तैयार किया था, जबकि भारत में इसका निर्माण ‘बनीजय एशिया’ (Banijay Asia) कर रहा है। ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ जल्द ही ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो (Prime Video) और रिफ्रेश्ड ‘एमएक्स प्लेयर’ (MX Player) पर स्ट्रीम किया जाएगा। मेकर्स जल्द ही इसकी आधिकारिक रिलीज डेट की घोषणा करेंगे।





