नई दिल्ली : 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान नई दिल्ली के भारत मंडपम में पीएम नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच द्विपक्षीय बैठक संपन्न हुई। यह उच्चस्तरीय बैठक करीब 45 मिनट तक चली। वार्ता शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन का गर्मजोशी से गले लगाकर स्वागत किया और उन्हें प्रसिद्ध तमिल कवि व दार्शनिक तिरुवल्लुवर की कालजयी रचना ‘तिरुक्कुरल’ का रूसी अनुवाद भेंट किया। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने रूसी प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों से भी हाथ मिलाकर उनका अभिनंदन किया।
Read More : NIT जमशेदपुर में NCST की समीक्षा बैठक, जनजातीय मुद्दों पर चर्चा
क्या है ‘तिरुक्कुरल’ जिसे पीएम मोदी ने पुतिन को किया भेंट?
‘तिरुक्कुरल’ तमिल साहित्य की सबसे महत्वपूर्ण और प्राचीन रचनाओं में से एक है, जिसे ‘तमिल वेद’ भी कहा जाता है। महान तमिल कवि और दार्शनिक तिरुवल्लुवर द्वारा रचित इस ग्रंथ में लगभग 1,330 दोहे शामिल हैं। इन दोहों में नैतिकता, शासन व्यवस्था, अर्थव्यवस्था, सुखी जीवन, प्रेम और मानवीय मूल्यों का गहरा वर्णन किया गया है। वैश्विक मंचों पर प्रधानमंत्री मोदी द्वारा इस ग्रंथ को विदेशी नेताओं को उपहार स्वरूप देना भारत की प्राचीन तमिल संस्कृति और समृद्ध ज्ञान परंपरा को विश्व स्तर पर प्रस्तुत करने का एक बड़ा संदेश माना जाता है।
Su-57 फाइटर जेट, S-400 और ब्रह्मोस-NG पर समझौता संभव
यद्यपि पीएम मोदी और पुतिन के बीच हुई आधिकारिक बातचीत का पूरा ब्योरा सामने आना बाकी है, लेकिन रक्षा विशेषज्ञों व रिपोर्ट्स के अनुसार दोनों देशों के बीच बड़ी डिफेंस डील संभव है। भारत रडार की पकड़ से बाहर रहने वाले रूस के आधुनिक ‘सुखोई-57’ (Su-57) स्टेल्थ फाइटर जेट की खरीद कर सकता है। रूस ने इस एडवांस जेट को भारत में ही बनाने और इसकी महत्वपूर्ण तकनीक साझा करने की पेशकश की है। इसके अलावा, बैठक में S-400 मिसाइल सिस्टम की बाकी बची खेप की आपूर्ति और एडवांस ब्रह्मोस-NG जैसे रक्षा मुद्दों पर भी बातचीत होने की संभावना है।
2030 तक 100 अरब डॉलर के व्यापार का लक्ष्य
द्विपक्षीय वार्ता में वर्ष 2030 तक भारत और रूस के बीच आपसी व्यापार को 100 अरब डॉलर तक पहुंचाने के रोडमैप पर चर्चा संभावित है। इसके साथ ही उद्योग, रेलवे, स्टील, टनलिंग, परमाणु ऊर्जा, क्रिटिकल मिनरल्स, उर्वरक आपूर्ति और रूसी बाजार में भारतीय कंपनियों व कुशल कामगारों को अधिक अवसर देने जैसे मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने की रूपरेखा तैयार की जा सकती है।





