रांची : झारखंड की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने रांची स्थित रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय परिसर में पलाश दीदी कैफ़े का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह कैफ़े झारखंड के स्वादिष्ट और पौष्टिक व्यंजनों के साथ ग्रामीण महिलाओं के श्रम, हुनर, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। मंत्री ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को उनके हुनर के अनुरूप प्रशिक्षण दिया गया है। इसके बाद उन्हें ऋण और वित्तीय सहायता का लाभ उपलब्ध कराया गया और अब उनके उत्पादों एवं सेवाओं को बाजार से जोड़कर स्वरोजगार के स्थायी अवसर तैयार किए जा रहे हैं।
Read More : ईरान के राष्ट्रपति पेजेशकियन भारत पहुंचे, PM मोदी से होगी मुलाकात
पलाश से महिलाओं के उत्पादों को मिल रहा बाजार
दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि ‘पलाश’ के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार स्थानीय और पारंपरिक उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने का काम किया जा रहा है। साथ ही, इन उत्पादों को बेहतर पहचान और उचित मूल्य दिलाने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी आयोजनों और विभिन्न संस्थानों में ‘पलाश’ से जुड़ी दीदियों द्वारा तैयार उत्पादों और खाद्य सामग्री को प्राथमिकता के साथ स्थान मिले, इसके लिए झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) लगातार काम कर रही है।
पूरे राज्य में विस्तार का लक्ष्य
मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य पूरे राज्य में पलाश दीदी कैफ़े का विस्तार करना है। इससे अधिक से अधिक ग्रामीण महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिल सकेंगे। उन्होंने कहा कि पलाश दीदी कैफ़े इस अभियान के विस्तार की एक और मजबूत कड़ी है। नए केंद्र के जरिए लोगों को झारखंड के पारंपरिक स्वाद से जुड़ने का अवसर मिलेगा और ग्रामीण महिलाओं के हुनर व उत्पादों को नए उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए मजबूत मंच भी मिलेगा।
छह महीने में शुरू होगा पहला पलाश मार्ट
दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि पलाश के विस्तार के अगले चरण में पलाश मार्ट की शुरुआत की जाएगी। रांची में राज्य के पहले ‘पलाश मार्ट’ का उद्घाटन अगले छह महीनों के भीतर किए जाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा जैविक उद्यान में अगला पलाश दीदी कैफ़े जल्द शुरू किया जाएगा। इसके जरिए स्वयं सहायता समूहों की दीदियों द्वारा तैयार विभिन्न स्थानीय उत्पादों को व्यापक और संगठित बाजार उपलब्ध कराया जाएगा।
स्थानीय उत्पादों को मिलेगी व्यापक पहचान
मंत्री ने कहा कि राज्य के विभिन्न संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख केंद्रों पर पलाश के ऐसे केंद्रों का विस्तार ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्थानीय उत्पादों को नए बाजार मिलेंगे और ‘स्थानीय से वैश्विक’ की परिकल्पना को भी मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर JSLPS के सीईओ अनन्य मित्तल, आईएएस अधिकारी अंजलि यादव सहित JSLPS के अधिकारी मौजूद रहे।





