धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले में शुक्रवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बलियापुर थाना क्षेत्र के ढांगी बस्ती मड़ई थान के पास चटनियां पुल के सामने जंगल से एक अज्ञात महिला का सिर कटा शव बरामद हुआ। महिला का सिर और धड़ अलग-अलग स्थानों पर मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
जंगल में शौच के लिए गया था ग्रामीण, झाड़ियों में दिखा महिला का पैर
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी किशोर कुमार महतो शुक्रवार सुबह शौच के लिए जंगल की ओर गया था। इसी दौरान उसकी नजर झाड़ियों में महिला के पैर पर पड़ी। संदेह होने पर उसने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी।
ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर देखा तो महिला का शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा था और सिर धड़ से अलग था। इसके बाद ग्रामीण आशीष महतो ने बलियापुर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।
पूजा सामग्री मिलने से नरबलि की आशंका
घटनास्थल से अगरबत्ती और कुछ पूजा सामग्री मिलने की बात सामने आई है। इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने महिला की नरबलि दिए जाने की आशंका जताई है।
हालांकि, पुलिस ने फिलहाल नरबलि की आशंका को खारिज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
FSL और डॉग स्क्वायड की टीम करेगी जांच
बलियापुर थाना के एएसआई अशोक कुमार के अनुसार, मृतका की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच होने का अनुमान है। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए रांची से FSL और डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया गया है। आसपास के गांवों में भी महिला की पहचान को लेकर पूछताछ की जा रही है।
महिला की पहचान और हत्या की वजह बनी पहेली
महिला कौन थी, उसकी हत्या क्यों की गई और शव को जंगल में लाकर क्यों फेंका गया, पुलिस इन सभी सवालों के जवाब तलाश रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और फोरेंसिक जांच के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जा रही है।
फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी।
धनबाद के बलियापुर में महिला का सिर कटा शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी है। पूजा सामग्री मिलने के बाद ग्रामीणों में नरबलि की आशंका जरूर है, लेकिन पुलिस ने इसे फिलहाल स्वीकार नहीं किया है। FSL और डॉग स्क्वायड की जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा होने की उम्मीद है।