पटना : राजधानी पटना में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। CBI की टीम ने आयकर विभाग (इनकम टैक्स) की असिस्टेंट कमिश्नर सुनंदा कुमार को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई एक एनजीओ को 12A और 80G प्रमाणपत्र जारी करने के एवज में कुल 75 हजार रुपये की रिश्वत मांगने के मामले में हुई है। CBI की टीम ने विभाग की एक क्लर्क को भी पकड़ा है, जिसने रिश्वत के लेन-देन में अधिकारी की मदद की थी। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली गई है। शुक्रवार को दोनों आरोपियों को CBI अदालत में पेश किया जाएगा।
Read More : SBI, PNB समेत बैंक आज से 3 दिन रहेंगे बंद
12A और 80G सर्टिफिकेट के बदले मांगी थी 75 हजार की घूस
यह पूरी कार्रवाई ‘श्रवण ज्योति विवेकानंद संस्थान’ नामक एनजीओ की शिकायत पर की गई है। एनजीओ के प्रतिनिधि ने बताया कि उन्होंने फरवरी में आयकर विभाग में 12A और 80G प्रमाण पत्र के लिए आवेदन दिया था। सुनवाई के दौरान असिस्टेंट कमिश्नर सुनंदा कुमार ने पहले सीए (CA) को भेजने की बात कही। इसके बाद 1 सितंबर को दूसरी सुनवाई के दौरान उन्होंने सीधे 75,000 रुपये अपने लिए और 10,000 रुपये स्टाफ के लिए देने की मांग की। एनजीओ प्रतिनिधि ने इसकी लिखित शिकायत CBI कार्यालय में दर्ज करा दी।
CBI डीएसपी रुबी चौधरी के नेतृत्व में बिछाया गया जाल
शिकायत का सत्यापन होने के बाद पटना CBI के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने डीएसपी रुबी चौधरी के नेतृत्व में जाल बिछाया। शुक्रवार सुबह एनजीओ प्रतिनिधि ने आयकर गोलंबर स्थित आयकर कार्यालय पहुंचकर योजना के अनुसार असिस्टेंट कमिश्नर को पैसे सौंपे। महिला अधिकारी ने विभागीय क्लर्क के जरिए 15,000 रुपये अपने लिए और 2,500 रुपये स्टाफ के नाम पर स्वीकार किए। पैसों का लेन-देन होते ही वहां मौजूद CBI टीम ने दोनों को रंगे हाथ धर दबोचा।
38 जिलों के एनजीओ से घूस मांगने का आरोप
एनजीओ प्रतिनिधि का गंभीर आरोप है कि असिस्टेंट कमिश्नर बिहार के सभी 38 जिलों के एनजीओ से 12A और 80G सर्टिफिकेट देने के नाम पर बिना वजह कागजात मांगकर घूस की मांग करती थीं। फिलहाल CBI इस बात की पड़ताल कर रही है कि क्या अधिकारी ने इससे पहले भी अन्य संस्थाओं से सर्टिफिकेट के नाम पर अवैध वसूली की है। इसके लिए आयकर कार्यालय के पुराने रिकॉर्ड और दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है।






