रांची : झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने रांची के अशोकनगर में एक पूर्व नौकरशाह की कथित करोड़ों रुपये की संपत्ति को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मामले की जांच कराने और संपत्ति की खरीद में इस्तेमाल धन के स्रोत का पता लगाने की मांग की है। बाबूलाल मरांडी ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि चर्चा है कि अपनी कथित गतिविधियों को लेकर विवादों में रहे एक पूर्व नौकरशाह ने अशोकनगर में करीब साढ़े सात करोड़ रुपये के भूखंड और मकान का सौदा किया है। उन्होंने कहा कि संबंधित पूर्व अधिकारी के पास रांची में पहले से भी बड़े मकान और जमीन होने की चर्चा रही है। ऐसे में नई संपत्ति खरीदने के बाद उनकी आय और संपत्ति के स्रोत की जांच की जानी चाहिए।
Read More : पाकुड़ में गरजे बाबूलाल मरांडी : JSSC-JPSC धांधली की CBI जांच की मांग, कलेक्ट्रेट का घेराव
JSSC नियुक्ति घोटाले से संबंध की भी जांच की मांग
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जांच में यह भी देखा जाना चाहिए कि कथित संपत्ति सौदे में इस्तेमाल रकम का JSSC नियुक्ति घोटाले की जांच या उससे जुड़े किसी कथित लेन-देन से कोई संबंध तो नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि इतनी बड़ी संपत्ति खरीदने के लिए धन कहां से आया और इसका आय का स्रोत क्या है। मरांडी ने कहा कि यदि संपत्ति वैध आय से खरीदी गई है तो उसका हिसाब देने में किसी को परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व के विवादों के बावजूद संबंधित अधिकारी को सरकार में कई महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी दी गई।
सरकार से पूरे मामले की जांच की मांग
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि किसी व्यक्ति को केवल पद और छवि के आधार पर ईमानदारी का प्रमाणपत्र नहीं दिया जाना चाहिए। उनके मुताबिक, झारखंड की जनता को करोड़ों रुपये की संपत्ति में लगे धन के स्रोत की जानकारी मिलनी चाहिए। बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।






