रांची पुंदाग ओपी क्षेत्र में सेवानिवृत्त सीसीएल चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. ब्रह्मदेव चौधरी से 2.08 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि हजारीबाग निवासी पिंकू कुमार चौधरी ने पेट्रोल पंप में 49 प्रतिशत हिस्सेदारी देने का झांसा देकर डॉक्टर और उनकी पत्नी से अलग-अलग मदों में रकम ली।
डॉक्टर के अनुसार, आरोपी ने चौपारण के पांडेय बाड़ा में एनएच पर पेट्रोल पंप की डीलरशिप मिलने की बात कही थी। इसके बाद भूमि विकास, सिक्योरिटी डिपॉजिट, निर्माण, मशीनरी और अन्य कार्यों के नाम पर अलग-अलग रकम ली गई।
शिकायत के मुताबिक, डॉक्टर के खाते से करीब 1.32 करोड़ रुपये और उनकी पत्नी के खाते से 28.90 लाख रुपये लिए गए। इसके अलावा आरोपी ने अपने दूसरे कारोबार के लिए 55 लाख रुपये का लोन भी लिया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि नकद और कमेटी के नाम पर भी करीब 47 लाख रुपये लिए गए। बाद में उन्हें पूरे मामले में धोखाधड़ी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने पुंदाग ओपी में प्राथमिकी दर्ज कराई और पुलिस से मामले की जांच करते हुए रकम वापस दिलाने की मांग की।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी से जुड़े लेन-देन और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। मामले में जांच के बाद ही धोखाधड़ी के आरोपों की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।