कोच्चि : केरल के कोच्चि एयरपोर्ट से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अबू धाबी जा रही Air India Express की एक अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट को उड़ान के बीच अचानक आई गंभीर तकनीकी खराबी के कारण वापस कोच्चि लौटना पड़ा। जिस समय यह घटना हुई, उस समय विमान लगभग 36 हजार फीट की अत्यधिक ऊंचाई पर उड़ रहा था। पायलटों की सूझबूझ से बोइंग 737 विमान को एक ही इंजन के सहारे कोच्चि हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंड कराया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
Read More : नेपाल बाढ़ में लापता लोगों की पहचान के लिए जुटेंगे DNA सैंपल, रांची में होगी DNA प्रोफाइलिंग
36 हजार फीट की ऊंचाई पर रेड जोन में पहुंचा ऑयल प्रेशर
न्यूज एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि यह घटना सोमवार की है। विमान के उड़ान भरने के लगभग 50 मिनट बाद कॉकपिट में मौजूद पायलटों ने देखा कि इंजन-1 (Engine-1) में ऑयल (ईंधन) की मात्रा बहुत तेजी से घट रही है। कुछ ही देर में तेल का दबाव खतरे के निशान यानी ‘रेड जोन’ में पहुंच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए क्रू मेंबर्स ने तुरंत मानक संचालन प्रक्रिया (FORDEC) का पालन करते हुए एहतियातन इंजन-1 को पूरी तरह से बंद कर दिया।
एक ही इंजन के सहारे ओवरवेट बोइंग 737 की लैंडिंग
इंजन बंद करने के बाद कमांडर ने हाई फ्रीक्वेंसी रेडियो के माध्यम से मुंबई रेडियो और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क साधा और कोच्चि वापस लौटने की जानकारी दी। एक इंजन के सहारे ओवरवेट (अधिक वजन वाले) बोइंग 737 विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराना बेहद चुनौतीपूर्ण और जोखिम भरा माना जाता है। हालांकि, पायलटों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए विमान को कोच्चि एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया। हालांकि, Air India Express और विमानन नियामक डीजीसीए (DGCA) की ओर से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
3 सितंबर को भी हुई थी इमरजेंसी लैंडिंग
इससे पहले भी बीते 3 सितंबर को वाराणसी से नई दिल्ली जा रही Air India Express की एक फ्लाइट में तकनीकी खराबी आ गई थी। उस समय विमान के कार्गो होल्ड में धुएं का अलार्म बजने के बाद लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उसकी इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी। जांच के बाद ही विमान को आगे के सफर के लिए रवाना किया गया था।




