रांची : रांची में शनिवार को आयुष्मान भारत योजना (AB-PMJAY) के तहत नए अस्पतालों की सूचीबद्धता को लेकर जिला सूचीबद्धता समिति की बैठक हुई। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में हुई बैठक में अस्पतालों के आवेदनों और भौतिक सत्यापन रिपोर्ट की समीक्षा की गई। बैठक में जांच दल द्वारा संबंधित अस्पतालों के किए गए भौतिक सत्यापन के बाद प्रस्तुत जांच प्रतिवेदनों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। समीक्षा के बाद समिति ने 2 अस्पतालों को आयुष्मान भारत योजना के तहत सूचीबद्ध करने का निर्णय लिया।
Read More : रांची में 13 अल्ट्रासाउंड सेंटर के निबंधन को मंजूरी, 3 का नवीकरण
3 अस्पतालों के आवेदन अगली बैठक में होंगे पेश
समिति ने 3 अस्पतालों के आवेदनों में आवश्यक दस्तावेजों की कमी और संबंधित त्रुटियां पाईं। इसके बाद निर्देश दिया गया कि जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने और त्रुटियों का निराकरण करने के बाद इन आवेदनों को आगामी बैठक में दोबारा प्रस्तुत किया जाए। समिति ने कहा कि निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए जाने के बाद ही इन आवेदनों पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
2 अस्पतालों के आवेदन हुए अस्वीकृत
बैठक में समिति ने 2 अस्पतालों के आवेदनों को अस्वीकृत करने का भी निर्णय लिया। समिति ने स्पष्ट किया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत अस्पतालों की सूचीबद्धता निर्धारित पात्रता और मानकों के आधार पर ही की जाएगी। इसका उद्देश्य योजना के लाभुकों को गुणवत्तापूर्ण और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। बैठक में आवेदन और जांच प्रतिवेदनों की नियमानुसार समीक्षा करते हुए सूचीबद्धता प्रक्रिया में पारदर्शिता और निर्धारित मापदंडों के पालन पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त संजय कुमार भगत, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण सहित जिला सूचीबद्धता समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।




